भगवान भरोसे यूपी : छेड़खानी से बचने के दौरान होनहार छात्रा की सड़क हादसे में मौत

लखनऊ। बुलंदशहर में अमेरिका से स्वदेश लौटी होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी की मनचलों की छेड़खानी से बचने के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। सुदीक्षा भाटी ने अमेरिका के बॉबसन कॉलेज से 3.83 करोड रुपये की स्कॉलरशिप हासिल किया था। उसने सीबीएसई इंटरमीडिएट में 2018 में टॉपर भी किया था। छात्रा के परिजनों ने बाइक सवार युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर बुलंदशहर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक़ छात्रा सुदीक्षा भाटी सोमवार को अपने चाचा के साथ अपने मामा से मिलने जा रही थी। इसी दौरान बुलेट सवार युवकों ने बाइक पर सुदीक्षा से छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। बुलेट सवार युवक बार-बार बाइक को ओवरटेक कर रहा था। इसके बाद बुलेट सवार युवक ने आगे आकर अचानक ब्रेक मारा। इसके चलते बाइक को अचानक ब्रेक मारने से सुदीक्षा और उसके चाचा सड़क पर गिर गए और हादसे में सुदीक्षा भाटी की मौत हो गई। सुदीक्षा को 20 अगस्त को अमेरिका वापस जाना था। कोरोना संक्रमण के चलते वह जून के पहले हफ्ते में अमेरिका से घर आई थी।

परिजनों के दावे के विपरीत पुलिस इसे मात्र एक दुर्घटना बता रही है। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि हादसे के बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई थी, लेकिन अब परिजनों द्वारा छेड़छाड़ की बात कही जा रही है। इसे लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी ने कहा कि जल्द ही आरोपियो का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत के बाद सूबे की कानून – व्यवस्था को लेकर एकबार फिर सवाल उठने लगे हैं। बसपा सुप्रीमों मायावती ने ट्वीट कर कहा है कि मनचलों ने होनहार छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। मनचलों की वजह से छात्रा को जान गंवानी पड़ी। इसकी बसपा कड़ी निंदा करती है, यह अति दुखद है। ऐसे में बेटियां कैसे आगे बढ़ेंगी। मायावती ने प्रदेश सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Back to top button