बिहार में दिवाली का मजा बादल और बारिश कर सकते हैं किरकिरा…

 बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात से फिलहाल पूरे राज्य के आकाश में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। शनिवार को राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश भागों में बादल छाए रहने के आसार हैं। राज्य के पूर्वी भागों में तेज बारिश की उम्मीद है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात उठा हुआ है। इसके कारण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल की ओर बढऩे की उम्मीद है। चक्रवात का असर असम से लेकर बिहार तक होने की उम्मीद है।

खाड़ी में चक्रवात उठने के कारण राज्य के वातावरण में नमी काफी बढ़ गई है। शुक्रवार को राजधानी के आकाश में दिनभर बादल छाए रहे। शाम को तो राजधानी में बूंदाबांदी भी हुई। इससे राजधानी के तापमान में गिरावट आई।

राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.2 एवं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया एवं भागलपुर के तापमान में भी कमी आई। शुक्रवार को गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार को राजधानी समेत पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं।

Back to top button