बिधनू के ओरछी गांव के संपर्क मार्ग किनारे शव मिलने से फैल गई सनसनी…

बिधनू ओरछी गांव के बाहर सोमवार की सुबह सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। साड़ी से हाथ पैर बंधे होने व अस्तव्यस्त होने से दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की प्राथमिक छानबीन में ईंट से कुचलकर हत्या की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस दुष्कर्म से इंकार कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट होने की बात कह रही है। महिला की शिनाख्त न होने से अभी तक हत्या की वजह भी सामने नहीं आ सकी है।

बिधनू ओरछी गांव के लोग संपर्क मार्ग से निकल रहे थे, इस बीच एसपीजी गैस गोदाम के पास पानी भरे गड्ढे में महिला का शव पड़ा देखकर सनसनी फैल गई। शव देखकर लोगों के दिल कांप गए और दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। 35 वर्षीय महिला का चेहरा ईंटों से बुरी तरह कुचला हुआ था।

उसके हाथ पैर नीले रंग की साड़ी से बंधे थे और शरीर पर सिर्फ नीले रंग का पेटीकोट था। उसकी हालत देखकर दुष्कर्म करने के बाद ईंटों से कुचलकर हत्या करने की आशंका बनी है। सड़क पर खून पड़ा होने से हत्या वहीं पर किए जाने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी सुखराम सिंह रावत ने बताया कि महिला का शव कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मामले में छानबीन के बाद हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Back to top button