फर्जी आइडी लेकर पहुंचा था उज्जैन के महाकाल मंदिर, ऐसे पुलिस के शिकंजे में आए विकास दुबे….

गैंगस्टर विकास दुबे फर्जी आइडी लेकर उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचा था। शंका होने पर जब उसे पुलिस चौकी लाया गया, तो उसने अपना नाम शुभम् बताया। आइडी में भी यही नाम था। इस पर एक पुलिस अफसर ने उससे मोबाइल नंबर डायल किया। ट्रू कॉलर में दुबे लिखा आया। जब पुलिस ने सख्ती की तो शातिर गैंगस्टर ने यह कबूल लिया कि वह विकास दुबे है। महाकाल चौकी से थाने जाते समय उसने चिल्ला-चिल्लाकर कहा कि मैं विकास दुबे, कानपुर वाला।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 7.45 बजे दुबे मंदिर पहुंचा था। शंक द्वारा के बाहर एक दुकान पर उसने मंदिर में दर्शन करने की व्यवस्था पूछी। बाद में 250 रुपये की रसीद कटवाई और भीतर प्रवेश किया। इसी दौरान संबंधित दुकानदार और एक सिक्यूरिटी गार्ड को शंका हुई। दुबे जब मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था, तब शंका के आधार पर पकड़कर पुलिस चौकी लाया गया। यहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की।

पहले नाम गलत बताया

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुबे ने पहले अपना नाम शुभम् बताया था। इसके बाद एक उप निरीक्षक ने उससे मोबाइल नंबर लेकर कॉल किया। ट्रू कॉलर पर दुबे लिखा आया। इस पर पुलिस ने सख्ती की तो विकास ने अपनी पहचान बता दी। इसके बाद ताबड़तोड़ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। फिर उसे महाकाल थाना ले जाया गया। यहां एसपी पहुंचे और फिर उसे अपने साथ लेकर पुलिस कंट्रोल रूम आए।

Back to top button