फतेहपुर में एक शक जो बना पति-पत्नी के लिए काल, एक साल पहले हुई थी शादी….

अगर दांपत्य जीवन में शक का घुन पड़ जाए तो दंपती का जीवन कठिन हो जाता है। ऐसे ही एक शक गोपालपुर-घघौरा गांव में पति-पत्नी के लिए काल बन गया। पत्नी के डाई पी लेने की जानकारी हुई तो पति ने घर के बाहर जाकर फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।

गोपालपुर-घघौरा निवासी 23 वर्षीय मोनू बाल्मीकि की शादी खखरेरू थाने के राम कृपाल बाल्मीकि की पुत्री करिश्मा से 10 अप्रैल 2018 को हुई थी। गुरुवार की सुबह दोनों की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा था। घर के अंदर करिश्मा का शव पड़ा था और बाहर पेड़ पर फांसी से मोनू की लाश लटकर रही थी। जानकारी होते ही गांव वालों की भीड़ जमा हो गई थी और दोनों की मौत को लेकर तरह तरह की बातें कर रहे थे। ग्राम प्रधान मुलायम सिंह यादव ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी कैलाश नाथ गांव पहुंचे और घटना की पड़ताल शुरू की।

अवैध संबंधों के शक में होता था विवाद

पुलिस की जांच में सामने आया कि मोनू को शादी के बाद से करिश्मा का रिश्तेदार से अवैध संबंध होने का शक रहता था। इसके लेकर उसका अक्सर विवाद भी होता था। मोनू ने करिश्मा को रिश्तेदार के घर जाने से रोका तो उनमे झगड़ा हो गया था। बुधवार को मोनू काम पर चला गया। देर शाम जब वह घर लौटा तो करिश्मा ने डाई पी रखी थी। इसकी जानकारी करिश्मा ने दी तो मोनू परिजनों को कुछ भी बताए बिना रात में घर से बाहर निकल गया। कुछ दूरी पर उसने भी नीम के पेड़ पर रस्सी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

सुबह पड़ोसियों ने उसका शव पेड़ पर फांसी से लटका देखा तो सन्न रह गए। इसके बाद लोग घर के अंदर पहुंचे तो करिश्मा भी मृत अवस्था में छप्पर के नीचे पड़ी मिली। थाना प्रभारी ने बताया प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर पति को शक था। इस कारण दोनों के बीच विवाद रहता था। पहले महिला ने डाई पी ली, जिससे दहशत में आकर युवक ने फांसी लगाकर जान दी है।

Back to top button