प्रेम परवान नहीं चढ़ पाया तो फांसी के फंदे पर झूल गए प्रेमी युगल

बहराइच। जनपद के कटरा बहादुरगंज गांव में प्रेमी युगल का प्रेम परवान नहीं चढ़ पाया तो दोनों ने एक साथ जीने-मरने की कसम खाते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शनिवार सुबह दोनों का शव गांव के बाहर आम के पेड़ की डाल से लटकता हुआ मिला। लाश देखकर हड़कंप मच गया। दोनों परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों लाशों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत कटरा बहादुरगंज गांव निवासी अमरेश कुमार (25) शादीशुदा था। इसके बावजूद वह गांव निवासी संजू (20) से प्रेम करता था। दोनों परिवारों को यह रिश्ता पसंद नहीं था। इसके चलते आए दिन कहासुनी होती रहती थी। लेकिन अमरेश और संजू एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसम खा चुके थे। शुक्रवार रात अमरेश और संजू नित्य क्रिया के बहाने घर से निकले। लेकिन दोनों वापस घर नहीं लौटे। देर रात होने पर खोजबीन शुरू हुई, लेकिन दोनों का कुछ अता पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह जब गांव के लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी गांव से 100 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ की डाल से दोनों का शव लटकता हुआ दिखा। इससे ग्रामीण सकते में आ गए। दो लाशों को पेड़ से लटकता देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। दोनों परिवारों के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर सीओ सिटी टीएन दुबे और दरगाह थानाध्यक्ष मधुप नाथ मिश्र भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों लाशों को उतरवाकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
The post प्रेम परवान नहीं चढ़ पाया तो फांसी के फंदे पर झूल गए प्रेमी युगल appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button