पैरवी का झांसा देकर महिला का 5 लोगों ने किया गैंगरेप, दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गैंगरेप पीड़िता से एक बार फिर से गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। जिले के बांगरमऊ क्षेत्र की महिला ने पांच लोगों पर गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला का आरोप है कि 10 दिसंबर 2012 को उसकी शादी हुई। 13 अक्तूबर 2017 को पति ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जान से मारने के लिए जहरीला पदार्थ खिला दिया था पर वह किसी तरह बच गई। उसने पति समेत तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस पति को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।

पैरवी का झांसा देकर गैंगरेप का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मामले में पैरवी का झांसा देकर नवराज सिंह, अनूप सिंह, दिलीप यादव, विश्व नारायण मिश्र व सतीश कुमार ने उससे कहा कि 20 दिन के अंदर न्याय दिला देंगे। पांचों ने उससे छह हजार रुपए लिए और सादे कागजात पर अंगूठा लगवा लिया। आरोप है कि पांचों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने 19 फरवरी को पांचों के खिलाफ गैंगरेप रिपोर्ट दर्ज करा दी।

यह भी पढ़ें: मौसम जानकारी: इन राज्यों में 4 दिन तक होगी तेज बारिश, जानिए आपके क्षेत्र का हाल

एसपी विक्रांतवीर का कहना है कि आरोपित महिला की पैरवी कर रहे थे। महिला ने उनके खिलाफ गैंगरेप की शिकायत की थी। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। दो को पकड़ लिया गया है बाकी भी जल्द पकड़े जाएंगे। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। 

कई तरह का दबाव बना रहे थे आरोपित
पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने 18 मई 2018 को उससे कहा कि पुरवा कोतवाली में दो महात्माओं पर 376 डी का केस दर्ज करा दो। इसके बाद एसपी दफ्तर के सामने पेट्रोल डाल आत्महत्या करने का प्रयास और एक महीने बाद लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या करने की कोशिश का दबाव बना रहे थे। पीड़िता ने बताया कि पहले दर्ज कराई रिपोर्ट में उसे चार लाख की आर्थिक सहायता मिली थी। आरोपित वह चार लाख रुपए उससे मांग कर रहे थे। पीड़िता ने एक लाख का चेक व साठ हजार रुपए नगद दे दिए थे। 

जान से मारने की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि 02 दिसंबर 2019 को घर लौटते समय दिलीप व विश्व नारायण ने बाइक से पीछा किया और टक्कर मार कर गिरा दिया, जिससे वह जख्मी हो गई। दिलीप ने धमकी दी थी कि रुपए नहीं दिए तो जान से मार देंगे। विश्व नारायण ने कहा कि पहले वाली महिला की तरह तुम्हें भी ठिकाने लगाना पड़ेगा।

Back to top button