पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या पर सीएम ने ट्वीट कर जताया शोक

जवाबदेही तय कर 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश
बड़ौत। बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपाइयों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। सीएम योगी आदित्यनाथ कार्यालय के ट्वीट एकाउंट से ट्वीट करते हुए घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अपराधों को रोक पाने में विफल छपरौली थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने आफिसियल द्विटर हैंडिल से लगातार तीन द्वीट कर पूर्व जिलाध्यक्ष के शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में जांच कर दोषियों के विरुद्ध 24 घंटे में विधिक कार्रवाई करने के साथ ही इस प्रकरण की जवाबदेही भी तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने छपरौली थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश जारी किये हैं।
रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने अपने ट्वीटर एकांउट पर घटना की जानकारी देते हुए ट्वीट किया है कि पूरे प्रदेश में भय का माहौल है और संगीन अपराधों में लिप्त लोग सत्ता के साथ जुड़ अपने अवैध काम कर रहे हैं। बागपत में पिछले सालों में स्थिति बेकाबू हो चली है। पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या की जानकारी केन्द्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान को भी दी गई है। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शोक व्यक्त किया।

Back to top button