पीएम मोदी आज लखनऊ में करेंगे परिवर्तन रैली को संबोधित

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने वाली रैली को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री यहां डेरा डाले हैं। मोदी की रैली में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता यहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। शहर के आसपास के इलाके पार्टी के झंडों, पोस्टरों और होर्डिंग से पट गए हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबन्ध किए गए हैं। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तमाम इंतजाम किए हैं। यह रैली पहले 24 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर होने वाली थी।यह रैली प्रदेश में होने वाली रैलियों में सबसे बड़ी होगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने रैली के मद्देनजर रमा बाई अंबेडकर मैदान पर भूमि पूजन किया था।  मौर्य ने यहां बताया कि इस रैली में लगभग 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह प्रदेश में होने वाली रैलियों में सबसे बड़ी होगी। इस महारैली में प्रदेश के हर बूथ से कार्यकर्त्ता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक लाख 47 हजार बूथ है। हर बूथ से 8 कार्यकर्त्ताओं को रैली में शामिल होने के लिए कहा गया है। इस मेगा शो में व्यापारी, प्रोफेसर और कर्मचारी संगठनों के लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

50 दिन पूरे होने के बाद पहली बार रैली को संबोधित करेंगे मोदी
मौर्य ने बताया कि भाजपा की परिवर्तन यात्राओं से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। प्रदेश में अब भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रायें बहुत सफल रही। प्रदेश की जनता का इन यात्राओं को बढ़ चढ़कर समर्थन मिला। यात्राओं में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 1. 5 करोड़ लोग शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मोदी की रैली ऐतिहासिक होगी। मोदी नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद पहली बार रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अलावा मोदी कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्री इस रैली में शामिल होंगे। रैली में शामिल होने वाले प्रदेश के केन्द्र सरकार में वरिष्ठ मंत्री केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र, उमा भारती तथा कई अन्य मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।

Back to top button