पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर में की गोलाबारी,एक नागरिक घायल, उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती

पाकिस्तानी सेना ने शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर में गोलाबारी की। इस गोलाबारी का भारतीय सेना ने भी कड़ा जवाब दिया। इस गोलाबारी से एक स्थानीय नागरिक घायल हुआ है। वहीं जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस तक नहीं दी गर्इ। आपातकालीन स्थिति में ये लोग सेना की मदद पर निर्भर हैं।

पाक सेना ने बीती देर रात करीब 12: 45 बजे जिला राजौरी के अंतर्गत नोशहरा सेक्टर में एक साथ भारतीय क्षेत्र में सैन्य चौकियों को निशाना बनाने के साथ रिहायशी क्षेत्रों में गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक मोर्टार नाैशहरा सेक्टर के पुखर्नी गांव में फटने से स्थानीय निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद इशाक पुत्र मोहम्मद रियाज घायल हो गया। जो शौच के लिए शौचालय जा रहा था। घायल युवक को उपचार के लिए ले जाने के लिए जिला प्रशासन की मदद नहीं मिली। सेना के जवान वाहन लेकर मदद के लिए पहुंचे और उसे नौशहरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

लोगों ने जिला प्रशासन पर रोष प्रकट करते हुए कहा हम लोग कई बार एबुलेंस की मांग कर चुके हैं। रात की गोलाबारी के दौरान प्रशासन द्वारा कोई मदद नहीं दी जाती हर बार सेना ही मदद के लिए आगे आती है। सीमावर्ती क्षेत्र के लोग सेना पर निर्भर हैं। जल्द से एबुलेंस दी जाए।

वहीं, भारतीय सेना ने भी पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया। बावजूद इसके रविवार सुबह तक पाक गोलाबारी जारी रही।

पाकिस्तान की ओर से सीमांत क्षेत्रों को बार-बार निशाना बनाए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है।

Back to top button