पहाड़ों पर जमकर हुई बर्फबारी, जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर ट्रैफिक रुका, दी बारिश की चेतावनी

घाटी समेत रियासत के पर्वतीय इलाकों में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई है। वीरवार देर रात को जवाहर टनल पर हुई बर्फबारी से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही दिन भर प्रभावित रही। खराब मौसम को देखते हुए शुक्रवार दोपहर बाद से घाटी की तरफ जाने वाले वाहनों को उधमपुर और जम्मू में रोक दिया गया। हाईवे पर रास्ते में खड़े यात्री व निजी वाहनों को देर शाम तक निकाल दिया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को कुछ और इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी है। 

मौसम विभाग के अनुसार, घाटी के मैदानी इलाकों सहित कश्मीर में वीरवार रात ताजा बर्फबारी हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। रियासत में शुक्रवार देर शाम तक कई इलाकों में बादल छा गए थे। घाटी में देर रात से ही बर्फबारी शुरू होने की । मौसम के मिजाज को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासनों को सभी जरूरी आपात इंतजाम सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम साफ रहने से जम्मू में दिन और रात के पारे में उछाल आया है। 

ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार दिनभर बादल छाए रहे। घाटी के सभी हिस्सों में रात के तापमान में सामान्य से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे कुछ राहत मिली है। राजोरी जिला के बुद्धल, थन्नामंडी, कोटरंका, दरहाल आदि पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हुई है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दोपहर को बूंदाबांदी हुई। 

इससे कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित नहीं हुई। जम्मू संभाग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस के साथ भद्रवाह सबसे ठंडा रहा। जम्मू में मौसम साफ रहने से दिन का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री चढ़कर 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री चढ़कर 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

स्थान   न्यूनतम तापमान 
लेह     माइनस 9.5
गुलमर्ग   माइनस 7.5
पहलगाम  माइनस 3.0
श्रीनगर    माइनस 1.0

घाटी में हिमस्खलन की चेतावनी
मंडलायुक्त कश्मीर बशीर अहमद खान ने जिला अनंतनाग, कुलगाम, बड़गाम, बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल, कारगिल और लेह में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। संबंधित जिला उपायुक्तों को सभी जरूरी आपात इंतजाम सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, पुलिस और पैरामेडिकल स्टाफ को एंबुलेंस के साथ अलर्ट पर रखा गया है। इस बीच जिला उपायुक्त बांदीपोरा डा. शाहिद इकबाल चौधरी ने जिले में बर्फ हटाने के अभियान का जायजा लिया। मिनी सचिवालय बांदीपोरा में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

Back to top button