पंजाब में धर्म ग्रंथ मामले में आप विधायक नरेश पर केस दर्ज

 पंजाब में धर्म ग्रंथ मामले में आप विधायक नरेश पर केस दर्ज पटियाला। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रविवार को पंजाब दौरे पर आने से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (आप) यहां विवादों में बुरी तरह घिर गई है। संगरूर जिले के मालेरकोटला में कुरान शरीफ की बेअदबी के मामले में गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार ने कहा है कि उसने यह काम दिल्ली के आप विधायक नरेश यादव के कहने पर किया है। उसे इसके लिए एक करोड़ रुपये ऑफर किए गए थे।

नरेश यादव दिल्ली के महरौली (साउथ) से आप के विधायक हैं। संगरूर के एसएसपी प्रितपाल सिंह थिंड ने देर रात इसकी पुष्टि की कि नरेश यादव के खिलाफ कुरान शरीफ की बेअदबी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक विधायक से पूछताछ के लिए पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई है।

मामले के आरोपी विजय को शनिवार को राजिंदरा अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लाया गया था। विजय कुमार पुत्र तिलक राम निवासी जींद (हरियाणा) मौजूदा समय में पालम विहार, दिल्ली में रहता था। भारी सुरक्षा बल के साथ मेडिकल चेकअप के लिए लाए गए विजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि उसने व उसके अन्य साथियों ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली के महरौली क्षेत्र से विधायक नरेश यादव के कहने पर कुरान शरीफ की बेअदबी की है।

नरेश यादव द्वारा उसे मालामाल करने के बहकावे के कारण वह इस काम के लिए तैयार हुआ। आप का इस काम को करवाने के पीछे क्या मकसद रहा, इस सवाल पर उसने कहा कि पार्टी पंजाब में आने वाले विधानसभा चुनावों में लाभ लेना चाहती है।

इस काम के जरिए आम आदमी पार्टी दिखाना चाहती थी कि पंजाब में कानून व्यवस्था के हालात ठीक नहीं हैं और यहां पर धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी होती रहती है। कुरान शरीफ की बेअदबी के लिए मलेरकोटला शहर क्यों चुना, के सवाल पर विजय ने कहा कि उसने शहर नहीं चुना था बल्कि उसे शहर का नाम बताया गया था कि मलेरकोटला में जाकर कुरान शरीफ के पन्ने फाड़कर फेंकने का काम करना है। जब उससे पूछा गया कि क्या वो पहले आरएसएस का सदस्य भी रहा है तो उसने कुछ भी कहने से मना कर दिया।

गौर हो कि कुछ दिन पहले मालेरकोटला में कुरान शरीफ की बेअदबी के बाद शहर में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। शहर में काफी स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई थीं और गुस्साए लोगों ने पूर्व डीजीपी इजहार आलम व उनकी पत्नी मुख्य संसदीय सचिव फरजाना आलम के घर में पत्थरबाजी करके तोडफ़ोड़ कर दी थी। बाद में संगरूर की पुलिस ने विजय कुमार के साथ दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि जिस कुरान शरीफ को आरोपियों ने फाड़कर फेंका था वो दिल्ली से ली थी।

साजिश के तहत मुझे फंसाने की कोशिश : नरेश यादव

आप के विधायक नरेश यादव से जब बात की गई तो उन्होंने कहा, मेरा किसी तरह का कुछ लेना-देना नहीं है। यह राजनीतिक साजिश के तहत मुझे फंसाने की कोशिश है। पंजाब में सह प्रभारी हूं इसलिए मेरा नाम लिया जा रहा है। पंजाब के सभी धर्मों के लोग हमारे साथ हैं और वहां हम जीतने जा रहे हैं इसलिए बौखलाहट में विपक्षी दल ऐसा कर रहे हैं। आरोपों में कोई सत्यता नहीं है।

सीबीआई जांच हो, पंजाब पुलिस पर भरोसा नहीं : खैहरा

आप के पंजाब प्रवक्ता सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उनकी पार्टी को पंजाब पुलिस पर भरोसा नहीं है। यह पुलिस की गढ़ी गई कहानी है।

 
 
Back to top button