न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में सीएमएस छात्रों ने किया योग, बढ़ाया देश का गौरव

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 66-सदस्यीय छात्र दल ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में योग प्रदर्शन कर सारे विश्व में देश का मान बढ़ाया, साथ ही देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रसारित किया। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव श्री एंटोनियो गुटेरेस भी उपस्थित थे। विदित हो कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा के समय से ही सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन कर देश की साँस्कृतिक विरासत को पूरे विश्व में प्रवाहित कर रहे हैं। सी.एम.एस. छात्रों के इस प्रयास को पूरे देश में सराहा गया है। इसी कड़ी में इस वर्ष योग प्रदर्शन हेतु अमेरिका रवाना हुए छात्र दल से मुलाकात कर देश के रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अपनी शुभकामनाएं दी और कहा कि सी.एम.एस. छात्रों की यह यात्रा विश्ववासियों को योग के महत्व से अवगत करायेगी।

सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में सी.एम.एस. छात्रों द्वारा योग प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के आदर्श ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की परिकल्पना को साकार करने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। डा. गाँधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देश का जन-मानस योग के महत्व से लगातार परिचित हो रहा है और विगत कुछ वर्षों से काफी जागरूकता आई है। हमारा प्रयास है कि इस जागरूकता का विस्तार सारे विश्व में हो, ताकि समस्त विश्व समुदाय इससे लाभानिवत हो सके। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का मानना है कि योग हमारी महान साँस्कृतिक विरासत का ही एक अंग है तथापि वर्तमान जीवन शैली को देखते हुए यौगिक क्रियाओं से भावी को अवगत कराना हम सबका परम दायित्व है। श्री शर्मा ने बताया कि अमेरिका की इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्रों को वहाँ के विभिन्न दर्शनीय स्थलों व ऐतिहासिक स्मारकों जैसे व्हाइट हाउस, रेडक्रास मुख्यालय, वाशिंगटन डीसी, जॉन एफ कैनेडी स्पेस सेन्टर आदि को देखने का अवसर मिला। सी.एम.एस. छात्र 23 जून को स्वदेश लौटेंगे।

Back to top button