नवांशहर के MLA अंगद सिंह सैनी रायबरेली से कांग्रेस की MLA अदिति सिंह से करेंगे शादी

पंजाब के नवांशहर के विधायक अंगद सिंह सैनी 21 नवंबर को रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह से शादी करेंगे। अंगद का कहना है कि उनके पिता प्रकाश सिंह और अदिति के पिता अखिलेश सिंह दोस्त रहे हैैं। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के यहां आना-जाना था। इसी दौरान उनकी अदिति से दोस्ती हुई। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अरेंज मैरिज है, न कि लव मैरिज।

28 वर्षीय अंगद पंजाब के युवा विधायकों में से एक हैं। शादी दिल्ली में होगी। बताया जा रहा है इसमें परिवार के सदस्य व गिने-चुने लोग ही शामिल होंगे। शादी के बाद 23 नवंबर को दिल्ली या चंडीगढ़ में पार्टी होगी जिसमें बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। 25 नवंबर को स्थानीय नेताओं के लिए पार्टी रखी गई है जिसमें हजारों लोगों को आमंत्रित किया गया है।

विधायक अंगद सिंह का परिवार राजनीति से लंबे समय से जुड़ा रहा है। अंगद के पिता प्रकाश सिंह के अंकल दिलबाग सिंह वर्ष 1962 में पहली बार नवांशहर के विधायक बने थे। वे लगातार छह बार नवांशहर के विधायक रहे। उनके बाद वर्ष 1997 में दिलबाग सिंह के बेटे चरणजीत सिंह विधायक बने। वर्ष 2002 में अंगद के पिता प्रकाश सिंह नवांशहर से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। 2012 में अंगद सिंह की माता गुरइकबाल कौर ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

अंगद सिंह को 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट मिला। अपने पहले ही चुनाव में वह जीतकर विधानसभा पहुंचे। इससे पहले वर्ष 2008 में वह नवांशहर यूथ कांग्रेस के महासचिव भी चुने गए थे। विधायक अंगद सिंह शिमला के बिशप कॉटन स्कूल और मोहाली के यादविंदरा पब्लिक स्कूल में पढ़े हैं।

Back to top button