नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के मामले में संजीव पुनालेकर व विक्रम भावे एक जून तक सीबीआइ हिरासत में

 नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के मामले में एडवोकेट संजीव पुनालेकर और विक्रम भावे को एक जून तक सीबीआइ हिरासत में भेजा गया है। दोनों को शनिवार को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। इन्हें रविवार को पुणे की एक अदालत में पेश किया गया।

गौरतलब है कि तर्कशास्त्री डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या में सीबीआइ ने शनिवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए लोगों में एक दक्षिणपंथी समूह सनातन संस्था का वकील संजीव पुनलेकर और दूसरा उसका सहायक विक्रम भावे है। बताया जाता है कि भावे सनातन संस्था का भी सदस्य है। जांच में पता चला है कि पुनलेकर दाभोलकर के एक हत्यारे को जानता था।

दाभोलकर की 20 अगस्त, 2013 को उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह सुबह की सैर पर निकले थे। सीबीआइ इस मामले में पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दाभोलकर की हत्या के पांच साल बाद अगस्त 2018 में पुलिस को पहली सफलता तब मिली, जब उसने औरंगाबाद से शूटर सचिन अंदुरे को गिरफ्तार किया। इसके बाद पालघर से शरद कलासकर को गिरफ्तार किया। इनसे की गई पूछताछ के आधार पर वीरेंद्र सिंह तावड़े को गिरफ्तार किया गया।

Back to top button