नई दिल्ली इलाके में हो रही बारिश, लोगों को गर्मी और उमस से मिली राहत

दिल्ली के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। नई दिल्ली इलाके में बारिश हो रही है। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। इससे पहले शुक्रवार को हल्‍की धूप और हल्‍के बादल के बीच दिल्‍लीवासियों की सुबह हुई। वहीं दिल्ली से बाढ़ का खतरा टल गया है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहे हवा के निम्न दबाव के सिस्टम से अगले दो दिनों में दिल्‍ली में बारिश की संभावना है।

बारिश से मिली राहत
बृहस्पतिवार को दोपहर तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने दिल्लीवासियों की हालत खराब की। उसके बाद बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हुई बारिश ने कुछ राहत दी। हालांकि अभी शुक्रवार और शनिवार को ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रविवार और सोमवार को बारिश के आसार हैं।

अधिकतम तापमान रहा 35 डिग्री से ज्‍यादा
बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 61 से 92 फीसद रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बूंदाबांदी हो सकती है। शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के अनुसार उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बना है। यह दिल्ली एनसीआर की तरफ बढ़ रहा है।

Back to top button