देहरादून में प्लास्टिक के खिलाफ मानव श्रृंखला ने रच दिया ये नया इतिहास, करीब एक लाख 28 हजार 327 लोग हुए शामिल

सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के विरुद्ध देहरादून में 50 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर इतिहास रचा गया। दून के महापौर सुनील उनियाल गामा ने दावा किया कि देश में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बनी यह सबसे बड़ी मानव श्रृंखला है। इसमें 75 हजार छात्र-छात्राओं समेत कुल एक लाख 28 हजार 327 लोग शामिल हुए। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ 14 ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इस दौरान शहर में लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम भी मौजूद रही, जबकि गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड्स ने नगर निगम से मानव श्रृंखला से जुड़ी पूरी रिपोर्ट मांगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देश में सिंगल यूज प्लॉस्टिक का उपयोग बंद करने के साथ ही पॉलीथिन मुक्त ग्रीन दून मिशन के संकल्प के साथ नगर निगम की ओर से मंगलवार को शहर में मानव श्रृंखला बनाकर जनता को जागरूक किया गया।

इसमें हर वर्ग की भागीदारी रही, मगर सर्वाधिक सहयोग सभी सरकारी व निजी स्कूलों एवं कालेजों के छात्र-छात्राओं का रहा। लोग सुबह साढ़े आठ बजे से ही सड़क पर कतारबद्ध होने शुरू हो गए थे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और महापौर सुनील उनियाल गामा ने प्रशासनिक अमले के साथ सुबह साढ़े नौ बजे से श्रृंखला का निरीक्षण शुरू किया।

सुबह दस बजते ही जैसे शहर में अलग अलग स्थानों पर लगाए गए 44 सॉयरन व हूटर बजे तो सड़कों पर जुटे लोगों ने श्रृंखला  के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़ लिए। पंद्रह मिनट बाद सवा दस बजे दोबारा सॉयरन बजा व श्रृंखला  का समापन हो गया। इस दौरान शहर का समूचा यातायात डायवर्ट रहा, जिससे कुछ जगह आमजन को परेशानी भी उठानी पड़ी। सांसद माला राजेलक्ष्मी शाह और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत समेत कई गण्यमान्य लोग श्रृंखला का हिस्सा बने।

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में यह मानव श्रृंखला महत्वपूर्ण साबित होगी।

वहीं, महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा, देश में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत बनाई गई मानव श्रृंखला में हर वर्ग ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। दून ने इतिहास रचा है।

जागरूकता के प्रयोग में दूनवासियों का कीर्तिमान

सिंगल यूज प्लॉस्टिक और पॉलीथिनमुक्त देहरादून को लेकर पिछले दो माह से चलाए जा रहे जन-जागरुकता अभियान में दूनवासियों ने कीर्तिमान स्थापित कर ही दिया। यह पहली बार हुआ है, जब दून के इतिहास में किसी जन-जागरुकता अभियान में एक लाख 28 हजार लोग एक-साथ सड़क पर उतरे और मानव श्रृंखला बनाई। देहरादून नगर निगम की ओर से किए गए इस प्रयोग में हर वर्ग ने स्वेच्छा से अपनी भागीदारी निभाई।

नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय द्वारा दावा किया है कि जागरुकता कार्यक्रमों के तहत केवल दून में ही नहीं बल्कि सूबे में मानव का निर्माण अब तक सबसे बड़ा आयोजन साबित हुआ है।

गत 27 अगस्त से शहर में पॉलीथिन और प्लॉस्टिक पर प्रतिबंध के लिए चल रहे नगर निगम के अभियान में जनजागरुकता पर ही मेन फोकस किया जा रहा था। अभियान में नगर निगम में अलग-अलग वर्गों के साथ महापौर व नगर आयुक्त ने करीब डेढ़ दर्जन बैठकें कीं। नगर निगम की ओर से शहर में कपड़े के बैग भी बांटे गए। अभियान के ही तहत पांच नवंबर को शहर में 50 किमी की मानव बनाना तय हुआ था। जिसमें सर्वाधिक भागीदारी स्कूल और कालेजों के छात्र-छात्राओं की सुनिश्चित की गई।

हुआ भी ऐसा ही, मंगलवार को करीब 75 हजार छात्र-छात्राओं ने आयोजन की सफलता को साकार किया। कई बड़े स्कूल व कालेजों ने अपनी बसों से बच्चों को लाने की व्यवस्था की जबकि बाकी के लिए नगर निगम ने सौ बसें हॉयर की हुई थी।

नगर आयुक्त पांडेय ने बताया कि पूरा प्रयास किया गया कि इस दौरान बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में यदि कोई छोटी-मोटी कमी रह जाए तो उसे नजरअंदाज भी किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, अफसर भी बने का हिस्सा

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी सांसद माला राजेलक्ष्मी शाह एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत के संग महापौर सुनील उनियाल गामा, जिलाधिकारी सी रविशंकर, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे व एसएसपी अरुण मोहन जोशी घंटाघर पर का हिस्सा बने, जबकि शहर के सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी संभाले रहे। कैंट विधायक हरबंस कपूर जीएमएस रोड, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली निरंजनपुर मंडी तिराहा, मसूरी विधायक गणेश जोशी मसूरी डायवर्जन पर, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ धर्मपुर जबकि राजपुर विधायक खजानदास ईसी रोड पर अपने समर्थकों के साथ मानव का हिस्सा बने। इसके अलावा खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी भी मानव का हिस्सा बनने घंटाघर पहुंचे।

सचिवालय के अधिकारियों के साथ ही अन्य सरकारी और निजी कार्यालयों के कार्मिकों ने भी इसमें प्रतिभाग किया। वहीं, कांग्रेसी नेता व पूर्व दर्जाधारी अशोक वर्मा भी आयोजन का हिस्सा बने व घंटाघर पर मौजूद रहे। सचिवालय के अधिकारियों ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और प्रमुख सचिव उद्योग मनीषा पंवार के साथ मानव में भाग लिया। इस दौरान सचिव वित्त अमित नेगी, सचिव सिंचाई भूपेंद्र कौर औलख, सचिव वन अरविंद सिंह हयांकी, सचिव गन्ना हरबंस सिंह चुघ आदि मौजूद रहे।

60 फीसद कम हुआ पॉलीथिन का प्रयोग

पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लॉस्टिक के विरुद्ध जन-जागरुकता का असर अब शहर में जमीन पर भी दिख रहा है। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने दावा किया कि गुजरे दो महीने में शहर में पॉलीथिन के प्रयोग में 60 से 65 फीसद की कमी आई है। इसकी रिपोर्ट शीशमबाड़ा में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का संचालन कर रही कंपनी की ओर से नगर निगम को सौंपी गई है।

आयुक्त के मुताबिक रिपोर्ट में बताया गया है कि प्लांट में बीते दो महीने में प्लास्टिक वेस्ट लगभग 60 फीसद तक कम पहुंचा है। बताया गया कि रिपोर्ट प्लांट में कूड़े को सेगरिग्रेट करने वाले एनवायरमेंट इंजीनियर ने बनाई है।

प्लॉस्टिक की कॉशन बेल्ट पर सवाल

मानव में सुरक्षा के लिए पुलिस ने सड़क किनारे कॉशन बेल्ट लगाई थी, ताकि बच्चे इसके अंदर खड़े हों। इसे लेकर शहर में पूरा दिन चर्चा चलती रही। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस से लेकर कई संगठनों ने कॉशन बेल्ट पर सवाल उठाए हैं। दावा किया गया कि यह कॉशन बेल्ट प्लॉस्टिक की थी। यह आरोप लगाए गए कि एक तरफ नगर निगम पॉलीथिन व प्लॉस्टिक के विरुद्ध आयोजन कर रहा और दूसरी तरफ इसी आयोजन में पॉलीथिन और प्लॉस्टिक का प्रयोग हो रहा है। यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी छाया रहा।

किसी ने नगर निगम पर आरोप लगाए तो किसी ने पुलिस पर। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि यह कॉशन बेल्ट प्लॉस्टिक की जरूर थी लेकिन यह सिंगल यूज प्लॉस्टिक नहीं था। इसे पुलिस दोबारा इस्तेमाल करती है। इसे लपेटकर रख दिया जाता है। वहीं, यह अलग बात है कि शहर में आयोजन के बाद यह कॉशन बेल्ट कईं जगह यूं ही बिखरी दिखाई दी।

अब होगी सख्ती 11 नवंबर से पॉलीथिन पर 500 रुपये जुर्माना

दो महीने तक जन-जागरुकता अभियान चलाने और ऐतिहासिक मानव का आयोजन करने के बाद अब नगर निगम ने पॉलीथिन को लेकर सख्ती की तैयारी कर ली है। नगर आयुक्त ने बताया कि आगामी सोमवार यानी 11 नवंबर से पॉलीथिन को लेकर प्रवर्तन की कार्रवाई होगी। पॉलीथिन प्रयोग करने पर प्रति पॉलीथिन 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसमें व्यापारियों के विरुद्ध ही नहीं बल्कि उन लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी जो पॉलीथिन का उपयोग करते हुए पकड़े जाएंगे।

आयोजन पर 20 लाख हुए खर्च 

नगर आयुक्त ने बताया कि मानव पर पूरा खर्च लगभग 20 लाख रुपये आया है। इसमें टोपी से लेकर म्यूजिक सिस्टम व वाहनों आदि पर हुआ खर्च शामिल है। यह पूरा खर्च नगर निगम ने वहन किया है।

गिनीज बुक को लेकर अभी इंतजार

प्लॉस्टिक के विरुद्ध देश में सबसे लंबी मानव बनाने का दावा कर रहे नगर निगम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में नाम दर्ज कराने को लेकर इंतजार करना होगा। दरअसल, आयोजन से पहले गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के लंदन आफिस व लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स के गुरूग्राम आफिस में नगर निगम की ओर से ई-मेल की गई थी।

लिम्का बुक की टीम को शहर में आयोजन के दौरान मौजूद भी रही, मगर गिनीज बुक के आफिस से आई रिवर्ट मेल में नगर निगम को पूरा रिकार्ड तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें आयोजन के लिए एक सफलता पार्टी भी आयोजित की जानी अनिवार्य है। इसके बाद गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम यहां आ सकती है।

टीम गुप्त ढंग से शहरवासियों के बीच पहुंचकर मानव के संबंध में जानकारी लेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि 14 ड्रोन कैमरों की रिकार्डिंग गिनीज बुक के आफिस भेज दी गई है। उनके मुताबिक, जितनी संख्या में लोग आयोजन में जुटे हैं उससे हमारा दोनों संस्थाओं में रिकार्ड के लिए दावा मजबूती से बनता है।

सीएम ने दी बधाई, गुब्बारे उड़ाकर किया समापन

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नगर निगम को इतने बड़े आयोजन के लिए बधाई दी है एवं कहा कि निगम का यह प्रयास निश्चित ही पॉलीथिन व प्लॉस्टिक के विरुद्ध बन रहे माहौल में बड़ा कदम साबित होगा। मानव के संपन्न होने के बाद नगर निगम पहुंचे महापौर व नगर आयुक्त ने पार्षदों के साथ गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का समापन किया। वहीं, भाजपा पार्षदों ने पुख्ता सुरक्षा के लिए एसएसपी अरुण मोहन जोशी को पुष्प-गुच्छ देकर साभार जताया।

इन सड़कों पर बनी मानव शृंखला

-हरिद्वार हाइवे पर मियांवाला चौक से मोहकमपुर, रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, ईसी रोड, बहल चौक, राजपुर रोड, मसूरी डायवर्जन।

-बहल चौक से राजपुर रोड, घंटाघर होते हुए चकराता रोड, बल्लूपुर चौक, जीएमएस रोड, बल्लीवाला, कमला पैलेस, निरंजनपुर मंडी, पटेलनगर लालपुल, सहारनपुर चौक, आढ़त बाजार, प्रिंस चौक, तहसील चौक से दर्शनलाल चौक-बुद्धा चौक होते हुए नगर निगम परिसर।

जोन-वार शामिल लोगों की संख्या

जोन-एक: मियांवाला चौक से जोगीवाला तक, 18083

जोन-दो: जोगीवाला से लक्ष्मीनारायण मंदिर धर्मपुर तक, 21397

जोन-तीन: धर्मपुर से बहल चौक तक, 13987

जोन-चार: बहल चौक से गोयल प्लाजा राजपुर रोड, 16749

जोन-पांच: गोयल प्लाजा से घंटाघर तक, 17928

जोन-छह: घंटाघर से वाडिया इंस्टीट्यूट तक, 13262

जोन-सात: वाडिया से सहारनपुर रोड, 11873

जोन-आठ: सहारनपुर रोड से तहसील चौक, 9685

जोन-नौ: तहसील चौक से नगर निगम परिसर, 5363

वाहवाही लूटना नहीं मकसद 

नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय के मुताबिक शहर में मानव श्रृंखला बनाने का मकसद वाहवाही लूटना नहीं, बल्कि समाज में एक संदेश देना था। नगर निगम प्रशासन ने इस पूरे आयोजन में दो माह की अथक मेहनत की है। जन-जागरुकता कार्यक्रमों की श्रेणी में अभी तक पूरे प्रदेश में इतना बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी नहीं हुई है। देश में प्रधानमंत्री खुद सड़क पर उतरकर सिंगल यूज प्लॉस्टिक व पॉलीथिन का उपयोग बंद करने की अपील कर रहे हैं। हमें समझना चाहिए कि पर्यावरण की दृष्टि से पॉलीथिन कितनी हानिकारक है। सिर्फ धरती के जीव ही नहीं बल्कि समुद्री जीव भी पॉलीथिन के दुष्प्रभाव से पीड़ित हैं। दून शहर में हर वर्ग को पूरा समय दिया गया कि वे पॉलीथिन का उपयोग बंद कर दें, अब समय कार्रवाई का आ गया है।

हमें अभी जागना होगा 

दरबार साहिब के महंत देवेंद्र दास के अनुसार, पर्यावरण का संरक्षण व संवद्र्धन हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसे केवल और केवल सरकार की जिम्मेदारी मान लेना सही नहीं है। दिल्ली की स्थिति से हम सभी वाकिफ हैं और दून की तस्वीर भी कहीं भयावह न हो जाए इसके लिए हमें अभी से जागना होगा। कपड़े के थैलों का प्रयोग करें, प्लास्टिक को न कहें और प्लास्टिक की वस्तुओं का प्रयोग बिल्कुल बंद कर दें। अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, जैविक खेती को बढ़ावा दें, जल सरंक्षण करें, बारिश के पानी का संग्रहण करें। ऐसे प्रयास करें ताकि आप-हम सुरक्षित रहें, हमारा प्रर्यावरण सुरक्षित रहे।

मानव श्रृंखला की सुरक्षा में पुलिस ने की कड़ी मेहनत

मानव श्रृंखला की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस ने कड़ी मेहनत की। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने रविवार की देर रात 12 बजे से तड़के तीन बजे तक प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के जोन व सेक्टर में जाकर अधिकारियों को सुरक्षा की ब्रीफिंग दी। वहीं जिले की पुलिस, छह कंपनी पीएसी भी सुबह छह बजे से ही मुस्तैद हो गई थी। इस दौरान एसपी सिटी श्वेता चौबे, एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल आदि मौजूद थे।

नगर निगम पार्षदों ने एसएसपी का जताया आभार

नगर निगम के पार्षदों के शिष्ट मंडल ने एसएसपी अरुण मोहन जोशी को फूलों का गुलदस्ता भेंटकर मानव श्रृंखला सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन मुक्त ग्रीन दून मिशन के अंतर्गत 50 किमी लंबी सवा लाख लोगों की मानव श्रृंखला बनाई गई। इस श्रृंखला में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी शामिल हुए थे। सुबह नौ बजे श्रृंखला में शामिल हुए और सकुशल लौट गए।

जिले में कही भी हादसे की कोई सूचना नहीं मिली। वहीं दर्जनों रास्ते बंद होने के बाद भी महज 25-30 मिनट में ट्रैफिक सुचारु हो गया। इस पर भी एसएपसी का आभार जताया गया। शिष्टमंडल में पार्षद अमिता सिंह, अजय सिंघल, संजीव मल्होत्रा, सतीश कश्यप, आलोक कुमार, संजीव नौटियाल, दिनेश सती, जतिन कुकरेजा, विशाल कुमार महिपाल, अंकित अग्रावल आदि मौजूद थे।

Back to top button