दून के मंदिरों में राधा कृष्ण की भव्य झांकियों के साथ श्री कृष्ण की जीवन लीलाओं का भी किया मंचन

राजधानी दून में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और हर्ष के साथ मनाया गया। मंदिरों में राधा कृष्ण की भव्य झांकियों के साथ-साथ श्री कृष्ण की जीवन लीलाओं का भी मंचन किया गया। बांके बिहारी लाल के जयकारों से द्रोण नगरी कृष्ण भक्ति में डूब गई।

रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव का शुभारंभ गवर्नर बेबी रानी मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। फिर मृत्युकुंज ग्रुप के कलाकारों ने सरस्वती वंदना पेश की। राधारानी बृज सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने ‘आयो रसिया मोर बन आयो रसिया’ पर राधा कृष्ण के प्रेम की शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। फिर कृष्ण की बृज 84 कोस में 4 गांव वृंदावन, मथुरापुरी, बरसानो, नंद गांव में राधा कृष्ण की फूलों की होली की भव्य प्रस्तुति दी।

पुलिस लाइन मैदान में जिले के सभी थाना कोतवाली पुलिस ने श्रीकृष्ण राधा, गणेश लक्ष्मी, विष्णु, महादेव आदि देवी देवताओं की झांकी आयोजित की और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। मध्य रात्रि को नंद घर आनंद भयो जय हो नंद लाल के जयकारों के साथ कान्हा ने जन्म लिया। आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। कार्यक्रम का संचालन दरोगा विनीता एवं हेमंत बिष्ट ने किया। इस दौरान डीजीपी अनिल रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विधायक मसूरी गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी आदि मौजूद थे। इधर शिव मंदिर धर्मपुर चौक में श्रीमद भागवत कथा के साथ जन्माष्टमी महोत्सव हुआ। देर रात को शंखनाद, घंटे घडिय़ाल की आवाज के बीच कान्हा का जन्म हुआ।

फिर भक्तों को प्रसाद बांटा गया। इस दौरान आचार्य नत्थीप्रसाद उनियाल, भीम प्रकाश, विवेक शर्मा, हेमंत, देवेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद थे। मानव उत्थान विकास समिति की ओर से मोहकमपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाया गया। श्रद्धालुओं ने कृष्ण राधा की भव्य झांकी निकाली। बाल कान्हा को सिर पर टोकरी रखकर यमुना पार करने का मंचन और नन्हे कान्हा को माखन मिश्री का भोग लगाने के मंचन ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डूबो दिया। इस दौरान आरएल बिष्ट मौजूद थे। तिलक रोड स्थित साईं मंदिर, इंजीनियर्स एन्क्लेव स्थित श्री राम कृष्ण मंदिर, पंचायती मंदिर में राधा कृष्ण की झांकियों के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाया गया। वहीं पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में भी मध्य रात्रि को लड्डू चूरमा, माखन का मिश्री के भोग के बाद कन्हैया जन्म हुआ। फिर कृष्ण भजन गाए गए। इस दौरान भरत गिरी, हरिशंकर गिरी, तेजपाल गिरी, रवि गिरी, अनुज मिश्रा आदि मौजूद थे।

चंडीगढ़ के कलाकारों ने किया श्रीकृष्ण लीलाओं का मंचन

श्री सनातन धर्म गीता भवन में श्री कृष्ण लीला मंचन का शुभारंभ मेयर सुनील उनियाल गामा ने दीप प्रच्वलित कर किया। चंडीगढ़ से आए 30 कलाकारों ने कृष्ण लीलाओं का भव्य मंचन किया। डायरेक्टर मुकेश शर्मा थे। आज भी रात्रि 8 बजे से कृष्ण लीलाओं का मंचन होगा।  फिर मध्य रात्रि कृष्ण जन्म एवं आरती की जाएगी। इस अवसर पर राकेश ओबरॉय, विपिन नागलिया, गुलशन खुराना, यशवंत दत्ता, अमरीश, राजू पुरी, जितेंद्र कपूर, अश्वनी गोयल मौजूद थे।

आठ फुट की पूतना की झांकी देखने उमड़ी भीड़

श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर सेवा दल की ओर से महंत रविंद्र पुरी के सानिध्य में कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। घूमते हुए शंख पर कृष्ण, कैलाश पर्वत को उठाते हुए रावण, शिव की जटाओं से निकलती हुई गंगा, लगभग 8 फुट की विकराल पूतना की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव में राधा कृष्ण बनकर आए बच्चों को पुरस्कृत किया। कनक कला केंद्र की  बीना अग्रवाल ने धार्मिक नृत्य किया। इस मौके पर प्रदेश में आई दैवीय आपदा के सहायतार्थ मंदिर में दान पेटिका रखी गई। इस पेटी में शुक्रवार-शनिवार को जमा हुई राशि से पीडि़तों को मदद पहुंचाई जाएगी।

रात को 12 बजे वासुदेव का स्वरूप लिए कलाकार शीश पर टोकरी में विराजमान बालस्वरूप बने कान्हा को लेकर आया तो श्रद्धालुओं में उनके चरण छूने की होड़ सी मच गई। फिर लड्डू गोपाल का अभिषेक और प्रसाद वितरण हुआ। इस दौरान दिगंबर भागवत पुरी, दिनेश पुरी, कुंवर जतिंदर सिंह, संजय गर्ग, राजेंद्र आनंद, रजनीश यादव, प्रवीण गुप्ता, दिलीप सैनी, नरेंद्र ठाकुर, अनुराग अग्रवाल, विकी गोयल, दीपक मित्तल, ललित आहूजा, अनामिका जिंदल, बीना अग्रवाल, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, प्रीती गुप्ता उपस्थित थे। मंदिर में आज रात आठ बजे से नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसमें मथुरा वृंदावन से आए कलाकार राधे कृष्ण, मयूर, दीप नृत्य, मटकी फोड़ लीला, फूलों की होली, शिव भोले बाबा की झांकी पेश करेंगे।

दून के विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने सुनी श्री कृष्ण जन्म कथा

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के  उपलक्ष्य में धर्मपुर स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन शिव मंदिर में शुक्रवार को श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन श्री राम और श्री कृष्ण जन्म का वर्णन किया गया। कथावाचक आचार्य नत्थी प्रसाद उनियाल ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के महत्व के बारे में बताया। बताया कि कै से श्री कृष्ण का जन्म हुआ और उन्होंने कैसे अर्जुन को गीता के उपदेश दिए। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में टिहरी सांसद माला राजलक्ष्मी शाह और व्यास शोभाराम उनियाल उपस्थित रहे। इसके अलावा चैतन्य गौडिय़ा मठ में श्री मद्भागवत महापुराण वर्णन के दौरान कथावाचक त्रिदंडी महाराज और भक्ति प्रसन्न त्यागी ने सुबह 10 से रात 12 बजे तक श्री कृष्ण लीलाओं का वर्णन किया।

वहीं शिव मंदिर हरिपुर नवादा में श्री हनुमान महापुराण के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य शिव प्रसाद ग्वाड़ी ने श्री कृष्ण जन्म का वर्णन किया। आज मंदिर में हनुमान पर आधारित कथा सुनाई जाएगी।

उधर, श्याम सुंदर मंदिर पटेलनगर में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन मथुरा के कार्षि संत स्वामी सर्वज्ञानचंद महाराज ने प्रहलाद चरित्र की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि भक्ति में कोई भी रिश्ता बाधा बने तो उसे छोड़ देना चाहिए। कथावाचक ने बताया कि आज श्री कृष्ण जन्म कथा सुनाई जाएगी। वहीं नत्थनपुर गांव स्थित श्रीमद्भागवत सप्ताह यज्ञ में श्री कृष्ण जन्म का वर्णन किया गया।

Back to top button