दिल्ली चुनाव: चुनाव आयोग ने बीजेपी के इन दो मंत्रियों पर चुनाव प्रचार पर लगाया बैन

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में प्रचार के दौरान विवादित बयान देना केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को भारी पड़ गया है। चुनाव आयोग ने अनुराग ठाकुर को 72 घंटे के लिए चुनाव प्रचार से बैन कर दिया है। जबकि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा 96 घंटे प्रचार नहीं कर पाएंगे।

विपक्षी दल दोनों नेताओं की शिकायत चुनाव आयोग से की थी। इसके बाद आयोग ने अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर

इससे पहले चुनाव आयोग ने बुधवार को इन दोनों नेताओं को भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद भाजपा ने अनुराग ठाकुर व प्रवेश वर्मा का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से हटा दिया। हालांकि, दोनों नेता चुनाव प्रचार कर पाएंगे लेकिन इसका खर्च उम्मीदवारों के खाते में जुड़ेगा।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने ट्वीट में बताया, बोडो क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद प्रवेश वर्मा पर चुनावी रैली के दौरान भड़काऊ और विवादित बयान देने का आरोप है। आयोग ने दोनों नेताओं को 28 जनवरी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। उन्हें बृहस्पतिवार तक जवाब देने का वक्त दिया गया था। नोटिस जारी करने के एक दिन बाद चुनाव आयोग ने कार्रवाई करते हुए उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची से हटाने का आदेश दिया।

इस आदेश में कहा गया है कि दोनों नेताओं का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से तत्काल प्रभाव से हटा दिया जाए। चुनाव आयोग कार्यालय के अनुसार, स्टार प्रचारों की रैली व चुनावी सभा करने पर उसका खर्च पार्टी के खाते में दर्ज होता है। उम्मीदवार के खाते में उसे शामिल नहीं किया जाता है। ऐसे में आयोग के आदेश के बाद दोनों नेता चुनाव प्रचार करते हैं तो उसका खर्च संबंधित उम्मीदवारों के खाते में दर्ज होगा।

बता दें कि अनुराग ठाकुर ने 27 जनवरी को रिठाला में रैली की थी। इस रैली का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें विवादित नारा लगवाते दिखाया गया है। वहीं प्रवेश वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने शाहीन बाग को लेकर भड़काउ बयान दिया था। 

Back to top button