तीन और डॉक्टरों के रिटायर होने के बाद मरीजों की और बढ़ी मुश्किले

जिला अस्पताल के तीन और डॉक्टरों के रिटायर होने के बाद मरीजों की मुश्किल और बढ़ गई है। अन्य चिकित्सकों पर काम का दबाव बढ़ गया है। मरीजों को डॉक्टर को दिखाने में परेशानी हो रही है।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों के कुल 28 पद स्वीकृत हैं। पहले से ही सात पद खाली चल रहे थे। इसी बीच सर्जन डॉ. अजीत जायसवाल, डॉ. बीसी गुप्ता व डॉ. वीरपाल सेवानिवृत्त हो गए। इससे अस्पताल की व्यवस्था बेपटरी हो गई। मरीजों की भीड़ बढ़ने के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। फिजीशियन को दिखाने के लिए सुबह से लेकर दोपहर तक मरीजों की लाइन लगी रहती है। यहां पर मात्र एक फिजीशियन होने के कारण समस्या है। वहीं, कई अन्य वार्डों में भी समस्या कम नहीं हो रही है। सीटी स्कैन खराब होने के कारण मरीज पहले से ही परेशान हो रहे हैं। प्रमुख अधीक्षक डॉ. अरुण लाल ने कहा कि चिकित्सकों की कमी के संबंध में अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। इनसेट

महिला अस्पताल में एक और डॉक्टर की नियुक्ति

– महिला अस्पताल में शासन ने चिकित्सकों की कमी को देखते हुए डॉ. शालू की तैनाती की है। उन्होंने बुधवार को यहां पहुंचकर कामकाज संभाल लिया है। सीएमएस डॉ. एपी मिश्र ने इसकी पुष्टि की है।

Back to top button