ताज महोत्सव 2019 : 18 फरवरी से श्रीराम नाम से होगा आगाज

आगरा। आगरा में आगामी 18 फरवरी से 27 फरवरी तक शिल्पग्राम में ताज महोत्सव 2019 आयोजित होगा। शिल्प, कला और संस्कृति के मेले होने वाले ताज महोत्सव का आगाज इस साल भी श्रीराम नाम से होगा। उद्घाटन के दिन ही भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका ‘अवधपुरी से जनकपुरी’ का मंचन किया जाएगा।
भगवान श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका ‘अवधपुरी से जनकपुरी’ का होगा मंचन
ताज महोत्सव आयोजन समिति ने महोत्सव के उद्घाटन के लिए प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक को आमंत्रित किया है। शिल्पग्राम के मुक्ताकाशीय मंच पर बॉलीवुड सिंगर कुमार शानू, अल्ताफ रजा, जसबीर जस्सी, ऋतु पाठक और ऊषा उत्थुप के कार्यक्रम तय हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें:-यूपी में दम तोड़ रही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, दर-दर भटक रहे लाभार्थी
राम की गूंज के बीच होगा आगाज
ताज महोत्सव 2019 आयोजन समिति ने सांस्कृतिक कार्यक्रम लगभग तय कर लिए हैं। नाम तय होने के बाद अब इनका प्रचार शुरू हो जाएगा। महोत्सव के लिए शिल्पग्राम मंच को संवारने का काम चल रहा है, वहीं शिल्पग्राम की दीवारों पर भी जल्द ही थीम आधारित पेंटिंग शुरू कर दी जाएंगी। दस दिन तक चलने वाले ताज महोत्सव का आगाज 18 फरवरी को श्रीराम पर आधारित नृत्य नाटिका ‘अवधपुरी से जनकपुरी’ के मंचन से होगा। 19 फरवरी को पारंपरिक परिधानों पर फैशन शो का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय इंडी-पॉप और पार्श्व गायिका ऊषा उत्थुप का कार्यक्रम 20 फरवरी को होगा। 21 फरवरी को पालीवाल पार्क में देश के नामचीन कवि और शायर जुटेंगे। इसके बाद 22 फरवरी को लाफ्टर नाइट में हास्य कलाकार सुनील पाल, राजा रैंचो, दीपू श्रीवास्तव और पी के मस्त भी आएंगे।
पालीवाल पार्क में होगा कवि सम्मेलन-मुशायरा
ताज महोत्सव 2019 आयोजन समिति तीन साल के बाद आखिर शिल्पग्राम की जगह शहर में ही कवि सम्मेलन-मुशायरा का आयोजन करने पर सहमत हो गई। हालांक, सूरसदन प्रेक्षागृह की जगह पालीवाल पार्क में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और मुशायरा आयोजित किया जाएगा।
तीन साल से शिल्पग्राम के मुख्य मंच पर आयोजित हो रहे कवि सम्मेलन में श्रोता पहुंच ही नहीं रहे थे। शिल्पग्राम के शहर से दूर होने और देर रात कोई वाहन उपलब्ध न होने के कारण महोत्सव का कवि सम्मेलन फ्लॉप साबित हो रहा था।
ये होंगे कार्यक्रम
18 फरवरी उद्घाटन एवं श्रीराम नृत्य नाटिका
19 फरवरी पारंपरिक प्रधानों पर फैशन शो
20 फरवरी पार्श्व गायिका ऊषा उत्थुप
21 फरवरी कवि सम्मेलन एवं मुशायरा
22 फरवरी लाफ्टर नाइट, सुनील पाल, राजा रैंचो
23 फरवरी गायक अल्ताफ रजा
24 फरवरी मुंबई के उड़ान बैंड का कार्यक्रम
25 फरवरी सिंगर ऋतु पाठक
26 फरवरी सिंगर जसवीर सिंह जस्सी
27 फरवरी सिंगर कुमार शानू

Back to top button