ताजमहल के ऊपर से गुजरा ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश

ताजमहल के ऊपर गुरुवार को भी दो बार ड्रोन उड़ाया गया। इस बार भी सुबह और शाम को ड्रोन उड़ाया गया। इसकी सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। हालांकि, मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इससे पहले बुधवार को भी दो बार ड्रोन उड़ाया गया था। इस मामले में मुकदमा भी थाना ताजगंज में दर्ज किया गया, लेकिन ड्रोन उड़ाने वाले का पता नहीं चल सका।ताजमहल के ऊपर से गुजरा ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश

गुरुवार सुबह सात बजे से साढ़े सात बजे के बीच ड्रोन उड़ाया गया। यह ताजमहल परिसर के ऊपर तक गया। इसे कई लोगों ने देखा। फोटो भी खींच लिए गए। कुछ ही देर में ड्रोन कहीं और चला गया। इसके बाद शाम को चार से साढ़े चार बजे के बीच ड्रोन उड़ा। यह भी ताज के ऊपर तक गया। कुछ ही देर में यह दूसरी तरफ चला गया। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई। पर्यटन थाना पुलिस ने पड़ताल भी की। हालांकि थाना ताजगंज और एत्माद्दौला पुलिस ने जानकारी से इंकार किया। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बुधवार को भी दो बार ड्रोन उड़ाया गया था। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। ड्रोन किसने और कहां से उड़ाया? इसका पता नहीं चल सका है। दूसरे दिन भी ड्रोन उड़ाए जाने की घटना से पुलिस में हड़कंप की स्थिति है।

300 मीटर की ऊंचाई पर था ड्रोन
दो दिन में चार बार उड़ाए गए ड्रोन की ऊंचाई 300 मीटर से अधिक थी। इसे आसानी से देखा भी नहीं जा सकता था।

कई बार उड़ाए जा चुके हैं ड्रोन
ताज के ऊपर और आसपास ड्रोन उड़ाने की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। कई बार पर्यटक ड्रोन उड़ाते हैं। उन्हें ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध की जानकारी नहीं होती है। इस कारण वह गलती से ड्रोन उड़ाते हैं। मगर, उन्हें इस संबंध में जानकारी देने के लिए होटल संचालकों को बताया जा चुका है। इसके बावजूद उन्हें जानकारी नहीं दी जाती है।

रेकी के लिए तो नहीं उड़ा रहे
दो दिन से ड्रोन उड़ाने की घटना से यह आशंका जताई जा रही है कि रेकी के लिए ड्रोन तो नहीं उड़ाया गया। क्योंकि यह ड्रोन किसी होटल की छत से उड़ाने की बात भी सामने नहीं आई है। इससे सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़े हुए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Back to top button