झारखंड में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ पथराव, पुलिस अधिकारी समेत 6 अन्य घायल 

चैती दुर्गापूजा विसर्जन जुलूस के दौरान शनिवार को शहर में पथराव के बाद जमकर बवाल हुआ। दो पक्षों में हुए पथराव से भगदड़ मच गई। कुछ दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। एक स्कूटी को फूंक दिया गया। हालात काबू करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। दो पक्षों के बीच झड़प की यह घटना शनिवार की शाम 7 बजे उस समय हुई जब रसूलपुर दहला चैती दुर्गा विसर्जन जुलूस कृष्णनगर से गुजर रहा था।

पुलिस अधिकारी समेत 6 अन्य घायल

जुलूस के दौरान हुए पथराव में सदर एसडीपीओ राजेंद्र दुबे और छह लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक प्रतिमा विसर्जन जुलूस मौके पर ही रुका रहा। अधिकारियों के पहुंचने पर दोबारा पथराव शुरू हो गया। प्रशासन की पहल के बाद रात करीब पौने नौ बजे विसर्जन जुलूस ने गंगा घाट के लिए प्रस्थान किया।

दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव

घटना की सूचना मिलते ही डीसी रामनिवास यादव व एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीओ राहुलजी आनंदजी व एसडीपीओ राजेंद्र दुबे पहले से ही जुलूस के साथ थे। जैप के जवानों के अलावा जिले के सभी थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। तमाम पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर कैंप कर रहे थे। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कृष्णनगर मेन रोड व आसपास की गली में हर तरफ ईंट-पत्थर बिखरे पड़े थे।

अचानक पथराव से मची भगदड़

चैती दुर्गा पूजा कमेटी के लोगों का कहना है कि कृष्णनगर बड़ी दुर्गा मंदिर के पास से जुलूस के गुजरने के दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया और इसके कारण वहां भगदड़ मच गई। पथराव से प्रशासन के लोगों के अलावा पूजा कमेटी के भी कई सदस्य घायल हुए हैं। इधर दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि अचानक कुछ लोग दुकान व घरों के दरवाजे तोड़ने लगे। एक स्कूटी को भी जला दिया। इसके कारण माहौल बिगड़ा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। साहिबगंज के उपयुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि रात तकरीबन साढ़े 9 बजे प्रतिमा विसर्जन करा दिया गया है। घटना के दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है। जो भी दोषी होंगे उनपर कड़ी कार्रवाई होगी।

Back to top button