चौथे चरण में BJP प्रत्याशी सच्चिदानंद हरि साक्षी पर गंभीर मामलों के सर्वाधिक आपराधिक धाराएं दर्ज…

 चौथे चरण में जिन 13 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होने हैं उनमें भी सभी दलों ने अपराधियों और करोड़पतियों पर दांव लगाया है। इस चरण में खुद को औरों से अलग बताने वाली भाजपा सबसे ऊपर है। उन्नाव से उसके प्रत्याशी सच्चिदानंद हरि साक्षी (साक्षी महराज) पर गंभीर मामलों के सर्वाधिक आपराधिक धाराएं दर्ज हैं। उन पर दर्ज चार मामलों में 12 गंभीर धाराएं शामिल हैं।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से फर्रुखाबाद के प्रत्याशी उदयपाल सिंह और कानपुर से सभी जन पार्टी के प्रत्याशी आलोक कुमार क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। झांसी से ही भाजपा के प्रत्याशी अनुराग शर्मा सर्वाधिक अमीर है। पहली बार ऐसा हो रहा है कि प्रमुख दलों में सिर्फ भाजपा के ही सभी उम्मीदवार करोड़पति हैं।

एडीआर और यूपी इलेक्शन वॉच ने चौथे चरण में जिन 13 लोकसभा क्षेत्रों (अकबरपुर, इटावा, हमीरपुर, खीरी, शाहजहांपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई उन्नाव, जालौन, कानपुर, झांसी और मिश्रिख) में चुनाव लड़ रहे 152 प्रत्याशियों में से 145 के शपथपत्रों का विश्लेषण किया। इनमें से 31 (21 फीसद) पर आपराधिक मामले हैं। 26 उम्मीदवारों (18 फीसद) पर संगीन धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं। गंभीर आपराधिक मामलों में भाजपा के प्रत्याशी सर्वाधिक 58 फीसद हैं। सपा के 43, बसपा के 33, प्रसोपा के 38 और कांग्रेस के सात फीसद प्रत्याशियों पर गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज हैं।

करोड़पति हैं 39 फीसद प्रत्याशी

145 में से 57 प्रत्याशी (39 फीसद) प्रत्याशी करोड़पति हैं। बीजेपी के सौ फीसद, कांग्रेस के 92, बसपा-सपा के 86, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के 88 और निर्दल प्रत्याशियों में 19 फीसद करोड़पति हैं। झांसी संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी अनुराग शर्मा सर्वाधिक अमीर हैं। इनकी कुल चल और अचल संपत्ति 124 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्नाव से कांग्रेस की उम्मीदवार अनु टंडन 81 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं। कानपुर संसदीय क्षेत्र से शिवसेना के प्रत्याशीबलवीर सिंह चंदेल तीसरे नंबर पर हैं। इनकी कुल संपत्ति 66 करोड़ रुपये से अधिक है।

वंदना गुप्ता सबसे गरीब प्रत्याशी

धनबलियों के मुकाबले मैदान में कुछ गरीब भी हैं। खीरी संसदीय क्षेत्र से भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की प्रत्याशी वंदना गुप्ता कुल संपत्ति मात्र 17000 रुपये है। हरदोई से निर्दल चुनाव लड़ रहे भैया लाल की कुल 20500 और मिश्रिख से राष्ट्रवादी श्रमजीवी दल के प्रत्याशी नरेंद्र कुमार की संपत्ति 40000 रुपये है।

स्नातक और उससे ऊपर की डिग्री लेने वाले 61 फीसद

चौथे चरण में 61 फीसद प्रत्याशियों ने अपनी शिक्षा स्नातक या इससे ऊपर की घोषित कर है। 37 फीसद पांचवीं से 12 वीं तक पढ़े हैं। 18 महिलाएं भी चुनाव मैदान में हैं।

Back to top button