अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में आप देख सकते हैं लघु भारत

कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुुरुक्षेत्र में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में ब्रह्मसरोवर के तट पर लघु भारत के दर्शन होंगे। 17 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले इस  महोत्‍सव में देश और विदेश के पर्यटकों के भारी संख्‍या में आने की उम्‍मीद है। इसमें 25 लाख पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है।

कुरुक्षेत्र की उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। अधिकारियों को आने वाले वीवीआइपी, वीआइपी, कलाकारों का भी विस्तृत ब्योरा दिया। ज्योतिसर में करीब चार दिन कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके अलावा पिहोवा, पांडु पिंडारा जींद, कैथल के कौल सहित कुरुक्षेत्र के करीब 12 तीर्थ स्थलों के अलावा सभी जिलों में महोत्सव होंगे।

25 नवंबर से 30 नवंबर तक थाईलैंड, इंडोनेशिया, मॉरीशस, जापान सहित पांच देशों के कलाकारों के पहुंचने की संभावना है। इस मौके पर एसडीएम वत्सल कौशिक, एसडीएम सतबीर कुंडू, नगराधीश कंवर सिंह, डीआरओ चांदी राम, डीडीपीओ कपिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में आप देख सकते हैं लघु भारत

मेले में 300 से ज्यादा स्वयं सहायता समूह करेंगे शिरकत

17 नवंबर से 3 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट मेले के साथ-साथ सरस मेला लगेगा। इसमें 26 राज्यों के शिल्पकार व 300 से ज्यादा स्वयं सहायता समूह शिरकत करेंगे। महोत्सव में पहली बार देश भर से करीब 250 बेहतरीन कलाकारों का संगम होगा। एक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

राष्ट्रपति दो घंटे रहेंगे धर्मनगरी में

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में ब्रह्मसरोवर के शुभारंभ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सबसे पहले ब्रह्मसरोवर पर गीता पूजन में भाग लेंगे और गीता यज्ञ में पूर्णाहुति डालेंगे। राज्यस्तरीय प्रदर्शनी और ब्रहमसरोवर के द्रोपदी कूप परिसर में उतर प्रदेश पवेलियन, हरियाणा पवेलियन के साथ-साथ झारखंड और महाराष्ट्र सहित अन्य प्रदेशों के खान-पान, लोक संस्कृति और प्रदर्शनियों का आयोजन भी होगा।

वह कुरुक्षेत्र विवि के सभागार में अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ज्योतिसर में मल्टीमीडिया शो का उदघाटन करेंगे और सायं महाआरती के बाद मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे।

Back to top button