गाजियाबाद में झगड़ा कर रहे बच्चों को डांटना एक युवक को पड़ा महंगा, दो लोगों ने पहले पीटा फिर गोली मारकर हुए फरार

कभी एक समय ऐसा था जब लोगों में इतनी सहनशक्ति होती थी कि वे अपने ऊपर हुए अन्याय को भी एक बार बर्दाश्त कर माफ कर देते थे। समय बीतने के साथ-साथ अब लोगों के अंदर सहनशक्ति कम होती जा रही है। लोग गुस्से को काबू नहीं कर पा रहे हैं। ठीक ऐसा ही मामला गाजियाबाद के लोनी में सामने आया है, जहां पर बच्चों को डांटने पर एक युवक को गोली मार दी गई।

दरअसल बार्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कालोनी में शुक्रवार रात झगड़ा कर रहे बच्चों को डांटने पर दो युवकों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इंद्रापुरी कॉलोनी में अजय भाटी परिवार के साथ रहते हैं। वह घर में ही डेयरी चलाते हैं। रात करीब साढे़ दस बजे वह गाय लेकर गली से गुजर रहे थे।

रास्ते में झगड़ा कर रहे बच्चों को उन्होंने डांट दिया। गाय को घर पर बांधने के बाद वह दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित शनि मंदिर के पास घूमने चले गए। तभी कॉलोनी निवासी बिल्लू और विभोर पल्सर पर सवार होकर वहां पहुंचे। दोनों ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान एक युवक ने उनपर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट में जा लगी।

वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के भाई पवन ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लोनी बार्डर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Back to top button