गठबंधन को लेकर केजरीवाल का छलका दर्द, कहा – हम थक गए कांग्रेस नहीं मान रही

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को टक्कर देने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के गठबंधन की चर्चाओं पर अब खुद दिल्ली के सीएम और आप के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने विराम लगा दिया है। बुधवार को केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा को हराने के लिए आप के नेताओं ने कांग्रेस को गठबंधन के लिए मनाने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन कांग्रेस नहीं मानी। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के हर प्रत्याशी के खिलाफ एक प्रत्याशी होना चाहिए और वोटों का विभाजन नहीं होना चाहिए। 

बुधवार को जामा मस्जिद के पास आयोजित की गई एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा है कि, ‘हम गठबंधन के लिए कांग्रेस को मना-मनाकर थक चुके हैं, किन्तु कांग्रेस नहीं समझ रही। अगर गठबंधन होता है तो हम भाजपा को सातों लोकसभा सीटों पर मात दे सकते हैं।’ इसके अलावा केजरीवाल ने  पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी जमकर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा है कि मोदी-शाह देश को बांटने की कोशिशों में लगे हुए हैं।

केजरीवाल की यह रैली चांदनी चौक क्षेत्र के अल्पसंख्यक बहुल वाले इलाके में आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा है कि, ‘मैं नहीं जानता कि अभी कांग्रेस के दिमाग में क्या चल रहा है।’ वे आगे बोले कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा को कमजोर करने गई है और दिल्ली में भाजपा के खिलाफ लड़ रही आप को भी कमजोर कर रही है। फरवरी की शुरुआत में केजरीवाल ने प्रेस वालों को बताया था कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना को करीब-करीब समाप्त कर दिया है। 

Back to top button