खराब मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे को किया बंद, हजारों वाहन फंसे

मौसम खराब होने के कारण सोमवार को घाटी का फिर देश से संपर्क कट गया है। जवाहर टनल पर भारी बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया। इससे दोनों ओर से हजारों वाहन फंसे हुए हैं। राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पहले से ही बंद चल रहा है।
खराब मौसम के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे को किया बंद, हजारों वाहन फंसे

पुलिस ने बताया कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “हिमस्खलन के कारण काजीगुंड की ओर जवाहर सुरंग के दोनों रास्ते अवरुद्ध हो गए।” 

उन्होंने बताया कि कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले मार्ग पर हिमस्खलन के चलते यातायात को निलंबित करना पड़ा। अधिकारी ने बताया, “सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। लोगों एवं मशीनों की मदद से मलबा साफ कराने का काम जारी है।” 

जम्मू और श्रीनगर में हवाई सेवाओं पर मार पड़ी है। त्रिकुटा पहाड़ियों में धुंध और बारिश से माता वैष्णो देवी चॉपर सेवा नहीं चल पाई। राज्य के अधिकतर मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार मंगलवार को भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसमें जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 

श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खराब मौसम के कारण चार उड़ानें रद करनी पड़ी, जबकि 11 देरी से चली। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बारिश के साथ घाटी के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। कठुआ जिले में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। डुग्गन, छत्रगलां, सरथल, रोल्पा, डोल्पा, भंडार आदि इलाकों में दूसरे दिन बर्फबारी हुई। राजोरी और पुंछ जिले में पीरपंजाल व अन्य पर्वतीय इलाकों में सफेद चादर बिछी। मुगलरोड पर भी बर्फबारी हुई है। यहां पहले ही बर्फ पूरी तरह से हटाई नहीं गई थी। जम्मू में बारिश से पारे में गिरावट आई है। लेकिन रात के न्यूनतम तापमान में सामान्य से बढ़ोतरी हुई है। 

स्थान      न्यूनतम तापमान 
कारगिल    माइनस 14.0
लेह           माइनस 5.6
गुलमर्ग     माइनस 4.0
पहलगाम   माइनस 1.7
श्रीनगर     माइनस 0.3

Back to top button