कोरोना लॉकडाउन के बीच वापस आ रहा है शक्तिमान, बच्चों के सुपर हीरो ने कहा- मैं वापस आ रहा हूँ

मुंबई: कोरोना महामारी से बचाव के लिए लॉकडाउन घरों में कैद लोगों में तनाव का कारण भी बन रहा है। उनके लिए मोबाइल व टीवी ही मनोरंजन का एकमात्र उपाय है। ऐसे में भारत सरकार ने 90 के दौर के मशहूर शोज को दोबारा प्रसारित करने का फैसला लिया है। ‘रामायण’, ‘महाभारत’ के बाद अब आप दूरदर्शन पर शक्तिमान भी फिर से देख सकेंगे।
शक्तिमान’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ की शुरुआत पर खुशी जाहिर कर रहे हैं। इसके बाद वो कहते हैं, ‘मैं आपको एक और अच्छी खबर सुनाने जा रहा हूं कि जल्द ही आपका फेवरेट धारावाहिक शक्तिमान भी शुरू होने जा रहा है। कब और कितने बजे.. ये आपको जल्दी पता चल जाएगा।
मुकेश खन्ना ने बताया कि बहुत जल्द शक्तिमान का सीक्वल भी आने वाला है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से हम शक्तिमान के दूसरे एडिशन पर काम कर रहे हैं। हम शक्तिमान का सीक्वल इसलिए बना रहे हैं क्योंकि लोग जानना चाहते हैं कि आखिर बाद में हुआ क्या। मुझे लगता है जैसे ही परिस्थितियां बदलेंगी हम बहुत जल्द शो लेकर आएंगे क्योंकि इस समय शक्तिमान की काफी डिमांड है।
प्रसार भारती ने भी एक बयान में कहा था कि, डीडी नेशनल पर और डीडी भारती पर 21 दिनों के लॉकडाउन के दौरान फेमस टीवी शो दिखाए जाएंगे जिसमें रामायण, महाभारत, सर्कस, ब्योमकेश बक्शी जैसे सीरियल शामिल किए गए हैं। बता दें कि शक्तिमान भारत का सबसे ज्यादा लोकप्रिय सुपरहीरो है।
टीवी की दुनिया के इस सुपरहीरो की उत्सुकता आज भी लोगों के बीच उतनी ही है जितनी कि पहले थी। इस किरदार को छोटे पर्दे पर मुकेश खन्ना ने निभाया था और 8 साल तक ‘शक्तिमान’ बनकर मनोरंजन किया। यह शो साल 2005 में बंद हुआ था। इस सीरियल का निर्देशन सौमित्र रानाडे ने किया था।

Back to top button