कार में रखे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट से कार के परखच्चे उड़े, एक की मौत

अबोहर। क्षेत्र के गांव बजीतपुर कटियांवाली के निकट एक कार में ब्लास्ट हो गया। इससे कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार व्यक्ति की मौत हो गई। विस्‍फोट कार में रखे गैस सिलेंडर में हुआ। विस्‍फाेट की आवाज दूर-दूर तक हुई। शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार गांव बजीतपुर कटियांवाली निवासी करीब श्रीराम मंगलवार रात करीब 12 बजे अपनी कार से खेत में गया था। रात करीब 12.30 बजे गांव के लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। इस वपर लोग आवाज की अोर भागे। उन्‍होंने देखा कि गन्ने के खेत में आग लगी हुई थी और श्रीराम का शव खेतों में दूर कहीं गिरा पड़ा था। उसकी कार सिलेंडर फटने से बुरी तरह से बिखर चुकी थी।

लोगों ने घटना की जानकारी श्रीराम के परिजनों को दी। इधर घटना का पता चलते ही एसपी अमरजीत सिंह मटवाणी और सदर थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। और घटना का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कार में रखा सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। बताया जाता है कि रीराम दूध बेचने का कार्य करता था और दूध की गाड़ी को रवाना कर खेत में गया था।

Back to top button