कांग्रेस की ‘सरकारी बदमाशी’ ने लोकतंत्र का गला घोंटा:  सुखबीर

जिला परिषद और ब्लॉक समितियों के चुनाव में मिली हार पर अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा है कि कांग्रेस सरकार की ‘सरकारी बदमाशी’ ने जनमत का गला घोंटकर लोकतंत्र का मजाक बनाया है। कांग्रेस ने पूरी दुनिया में पंजाब को बदनाम करके रख दिया है जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। यह बहुत अपमानजनक है।कांग्रेस की 'सरकारी बदमाशी' ने लोकतंत्र का गला घोंटा:  सुखबीर

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इन चुनावों में बड़ी हार हुई है। यह बात कांग्रेसी नेता भी जानते हैं। कांग्रेस ने मजबूरी में परिणाम बदलकर एक झूठी तथा मनगढ़ंत जीत का ऐलान किया है। सुखबीर ने कहा कि कांग्रेस को जश्न मनाने की जगह पंजाब में लोकतंत्र की हत्या व फरवरी 2017 में मिले जनादेश की समय से पहले हुई मृत्यु का शोक मनाना चाहिए। असलियत यह है कि कांग्रेस के लिए एक बहुत ही उदासी भरा तथा जनतंत्र के लिए बहुत ही अशोभनीय दिन है।

शिअद अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, सरकारी मशीनरी, पुलिस तथा मुख्य चुनाव अधिकारी ने एक बदमाश टोली की तरह मिलकर लोगों को खौफ रहित वोट डालने के अधिकार से वंचित किया है। डीसी तथा एसएसपी जैसे सरकारी अधिकारियों के कार्यालयों को कांग्रेस की शाखाएं बना दिया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी का कार्यालय भी कांग्रेस का कार्यालय बन गया था। बहुत सी जगहों पर सीनियर पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेसी बदमाशों का नेतृत्व किया। सत्ताधारी पार्टी ने लोगों का विश्वास तोड़ा है और सरकारी अधिकारियों ने अपनी नैतिक व सरकारी जिम्मेदारियों की तरफ पीठ घुमाई है।

धक्केशाही में पंजाब, बिहार और बंगाल से भी आगे निकला : बादल

उधर, श्री मुक्तसर साहिब में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव में धक्केशाही पहले बंगाल व बिहार में सुनते थे, लेकिन पंजाब तो इनसे भी आगे निकल गया। कांग्रेस ने ऐसा कोई बूथ नहीं छोड़ा नहीं जहां कब्जा नहीं किया हो। लोग इसका जवाब आने वाले चुनाव में देंगे, क्योंकि जो भी सरकार ऐसा करती है, उनके खिलाफ लोग अपना संघर्ष करते हैं।

बादल गांव बूड़ा गुज्जर में स्थित जिला सुधार घर में नजरबंद गिद्दड़बाहा के शिअद नेता हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों के साथ मुलाकात करने पहुंचे थे। डिंपी ढिल्लों गिद्दड़बाहा हलके में बूथ पर कब्जा करने के आरोप में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं।

बादल ने कहा कि डिंपी ढिल्लों व उसके साथी भी कांग्रेसियों की ओर से बूथ पर कब्जा करने के बाद वहांं का हाल जानने के लिए ही गए थे। कांग्रेसियों ने एक साजिश के तहत उन पर झूठा पर्चा दर्ज कर दिया। यह पूरा कार्य एक प्लान के अनुसार हुआ है। मैं भी मुख्यमंत्री रहा हूंं, मुख्यमंत्री का रोल होता है को वह सभी का ध्यान रखे। बादल ने कहा कि वह इमरजेंसी के दौरान जेल में रहे हैं। लेकिन यहां तो बात ही अलग है। यहां पर किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा। यहां के एमएलए ने मंत्री को कहा है कि डिंपी ढिल्लों के साथ किसी को मिलने नहीं दिया जाए।

सीमा पर रोज हमारे फौजी शहीद हो रहे, उचित हल निकाले सरकार

सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाने की बात पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मनाना तो अच्छी बात है लेकिन रोजाना ही बार्डर पर हमारे फौजी मर रहे हैं। इसका सरकार को सही ढंग से कोई हल होना चाहिए।

Back to top button