कल्याणपुर क ब्रह्मदेव चौराहे के पास दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की चाकुओं से गोदकर की हत्या

कल्याणपुर क ब्रह्मदेव चौराहे के पास रविवार सुबह दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। अखबार पढ़ते छोड़कर पड़ोस में पानी लेने गये पति ने लौटकर देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की है। वहीं फोरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है। डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा लेकिन कोई खास सुराग नहीं लगा।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर के शिव नगर नई बस्ती  में सेवानिवृत्त शिक्षक रामविलास अपनी 61 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी के साथ रहते थे। रामविलास उरई में शिक्षक थे और लक्ष्मी स्वरूप नगर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में काम करती थीं। उनका बेटा विशाल बेंगलुरु व बेटी श्वेता नोएडा की एमएनसी कंपनी में काम करती है। रामविलास और लक्ष्मी अकेले ही घर में रह रह रहे थे।

रामविलास ने बताया कि रविवार सुबह लक्ष्मी अखबार पढ़ रही थी और वह पड़ोस के मकान में पानी भरने के लिए चले गए। पानी लेकर जब वह घर लौटे तो किचन के पास लक्ष्मी का लहूलुहान शव देखकर सन्न रह गए। उन्होंने साले सच्चिदानंद के बेटे हेमंत को फोन पर जानकारी दी। इस बीच सूचना पर एसएसपी अनंत देव तिवारी के साथ पुलिस टीम भी पहुंच गई। फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का मुआयना किया। कल्याणपुर सीओ अजय कुमार ने बताया कि लूट के इरादे से महिला की हत्या की बात प्रतीत नहीं हो रही है। हत्यारे ने हंसिया से महिला के पेट में वार किए हैं, जिससे उसकी मौत हुई है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्दी घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Back to top button