कम कोलेस्ट्रॉल की वजह से कड़कनाथ को लोग कर रहे पसंद, पढ़े पूरी खबर

देहरादून के ढकरानी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में कुक्कुट (मुर्गे) की चार प्रजातियों कड़कनाथ, आस्ट्रोलॉफ, उत्तरा व रोड आइलैंड रेड पर जलवायु परिवर्तन का शोध सफल रहा है। पूरे शरीर में पंख होने के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय, खासकर ज्यादा ठंडे इलाकों के लिए ‘उत्तरा’ प्रजाति उपयुक्त पाई गई। यह बात भी सामने आई कि संपन्न लोग कम कोलेस्ट्रॉल की वजह से कड़कनाथ को पसंद कर रहे हैं, जबकि मांस की ज्यादा उपलब्धता के कारण सामान्य वर्ग आस्ट्रोलॉफ व अंडों के लिए रोडो आइलैंड रेड प्रजाति को तरजीह दे रहा है।

शोध में चारों प्रजातियां उपयुक्त पाए जाने पर अब वैज्ञानिक फील्ड में जाकर फ्रंट लाइन डिस्प्ले करेंगे। इसके लिए केंद्र के वैज्ञानिकों ने देहरादून जिले से 30 किसान चुने हैं। उनके जरिये इन कुक्कुट प्रजातियों का रेस्पांस जाना जाएगा।

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर ने ‘उत्तरा’ नामक कुक्कुट की राज्य में पहली प्रजाति विकसित की है। इस मुर्गे के पूरे शरीर पर पंख हैं और यह देखने में भी आकर्षक है। पूरे शरीर पर पंख होने के कारण इसे उत्तराखंड के पर्वतीय, खासकर ज्यादा ठंडे इलाकों के लिए उपयुक्त माना गया है।

केंद्र सरकार की संस्था नेशनल ब्यूरो ऑफ एनिमल जेनेटिक रिर्सोसेज की ओर से उत्तरा प्रजाति को इस वर्ष की कुक्कुट प्रजाति में 18वां स्थान दिया गया है। जबकि, उत्तराखंड की यह पहली प्रजाति है। छह सप्ताह में इसका वजन 1400 ग्राम पहुंच जाता है, जिससे कुक्कुट पालकों की आर्थिकी सुधरने की उम्मीद जगी है।

वर्तमान में कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी में वैज्ञानिकों ने उत्तरा प्रजाति पर क्षेत्रीय जलवायु के हिसाब से शोध किया, जो सफल रहा। इसके अलावा उत्तरा, कड़कनाथ, आस्ट्रोलॉफ व रोड आइलैंड रेड प्रजाति के कुक्कुट पर यहां की जलवायु का प्रभाव देखने के लिए किया गया शोध भी सराहनीय रहा।

कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने बताया कि शोध में यहां की जलवायु में भी उत्तरा का उत्पादन बेहतर पाया गया। बताया कि कड़कनाथ प्रजाति को संपन्न लोग ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। आस्ट्रोलॉफ प्रजाति के मुर्गे में अन्य प्रजातियों की अपेक्षा 11 प्रतिशत अधिक मीट निकलता है, इसलिए सामान्य वर्ग इसे ज्यादा पसंद कर रहा है। इसी तरह उत्तरा प्रजाति को ज्यादा ठंडे इलाकों के लोग पसंद कर रहे हैं, जबकि रोडो आइलैंड रेड प्रजाति अंडे के लिए पसंद की जा रही है।

कड़कनाथ प्रजाति की विशेषताएं 

-एक प्रतिशत से भी कम कोलेस्ट्रॉल।

-चार माह में 1.6 किलो तक मीट।

-180 दिन में देती है काले अंडे।

-मीट 600 रुपये प्रति किलो।

आस्ट्रोलाप प्रजाति 

-तीन प्रतिशत से अधिक कोलेस्ट्रॉल।

-90 दिन में 1.5 किलो तक मीट।

-170 दिन में देती है अंडे।

-मीट 150 रुपये प्रति किलो।

रोड आइलैंड रेड प्रजाति 

-तीन प्रतिशत से अधिक कोलेस्ट्रॉल।

-85 दिन में 1.5 किलो तक मीट।

-160 दिन में देती है अंडे।

-मीट 110 रुपये प्रति किलो।

उत्तरा प्रजाति 

-तीन प्रतिशत से अधिक कोलेस्ट्रॉल।

-छह माह में दो किलो तक मीट।

-150 दिन में देती है अंडे।

-मीट 150 रुपये प्रति किलो।

-पूरे शरीर पर पंख होने के कारण ठंडे इलाकों में पालने के लिए उपयुक्त।

Back to top button