एनकाउंटर में मारा गया अमर दुबे की 9 दिन पहले ही हुई थी शादी, विकास दुबे ने ही…

कानपुर में  कुख्यात विकास दुबे को पकड़ने के हुए 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के  मामले में बुधवार को पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। हमीरपुर जिले में विकास का करीबी अमर दुबे पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बताया जा रहा है विकास की सुरक्षा का जिम्मा अमर के ही पास रहता था। 

बताया जा  रहा है कि 29 जून को ही अमर दुबे की शादी हुई थी। विकास दुबे ने ही रिश्ता तय कराया था लेकिन लड़की वालों ने अपराध के बारे में जानकारी होने पर मना कर दिया था। इसके बाद विकास ने लड़की को उसके परिवार के साथ अपने घर बुला लिया और यहीं शादी करा दी। दो दिन लड़की विकास के घर पर रही थी। उसके बाद परिवार के साथ बिदा कर दिया गया। शादी की सिर्फ रस्म अदायगी रही। परिवार के लोग ही शामिल हुए। कोई कार्ड नहीं बांटे गए, भव्य आयोजन नहीं हुआ। विकास के करीबी 20-25 लोगों को ही शादी की दावत दी गई थी।

हमीरपुर में मिली अमर की लोकेशन
एसपी हमीरपुर श्लोक कुमार ने बताया कि कानपुर में पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल अमर दुबे जो कि कुख्यात बिकास दुबे का नजदीकी है। जिसकी लोकेशन मौदहा के आसपास मिली थी। आज सुबह हमीरपुर पुलिस व एसटीएफ की चेकिंग के दौरान अमर दुबे ने पुलिस बल पर फायरिंग की। दोनों तरफ से चली गोली में अमर दुबे घायल हुआ जिसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया जंहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली बारी में घायल इंस्पेक्टर मनोज शुक्ल व एक सिपाही को भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अमर दुंबे के पास से ऑटोमेटिक गन व कई हथियार मिले है। इस समय घटनास्थल को चारों तरफ से घेर लिया गया है। प्रयागराज ए डी जी व डी आई जी बांदा घटनास्थल पहुंच रहे है।

शूटरों के इंतजाम की जिम्मेदारी अमर की थी
बिकरू गांव में सीओ समेत 8 पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद फरार दुर्दांत बदमाश विकास दुबे का भतीजा अमर ही शूटरों का इंतजाम करता था। हर घटना की ब्यूह रचना में अमर के जिम्मे थी। वह रायफलधारियों के साथ हमेशा विकास के साथ ही रहता था। जरूरत पड़ने पर विकास शूटरों का इंतजाम करता था। घटना वाले दिन भी विकास के घर पर ही असलहाधारियों के साथ घर मौजूद था।

Back to top button