एक तरफ सो रहा था भांजा, दूसरी तरफ मामी का गला रेंत 15 लाख का सोना ले उड़े चोर

  • बठिंडा. शहर के पॉश एरिया कमला नेहरू कॉलोनी की कोठी नंबर 310 में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे अज्ञात लोगों ने घुसकर सीए अनिल गुप्ता की पत्नी कनिका गुप्ता की हत्या कर दी। आरोपियों ने बैडरूम में सवा साल के बेटे के साथ सो रही कनिका का पहले गला घोटा और बाद में सांसें चलती देख तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद गले में चुनरी बांधकर लाश को बैड से नीचे फेंक दिया। इसके बाद घर की पहली मंजिल पर कमरे में बना लॉकर तोड़कर वहां से करीब 15 लाख रुपए का सोना और 1 लाख रुपए चोरी करके ले गए। 
    एक तरफ सो रहा था भांजा, दूसरी तरफ मामी का गला रेंत 15 लाख का सोना ले उड़े चोर
    आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग का डीवीआर भी ले गए। हत्या की सूचना मिलने के बाद एसएसपी बठिंडा नवीन सिंगला, डीएसपी गुरजीत सिंह रोमाणा, सीआईए इंचार्ज वन इंस्पेक्टर राजिंदर कुमार समेत थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के पति सीए अनिल गुप्ता के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। 
     
    फोन नहीं उठाया तो, हालचाल जानने घर आया था भाई 
    मृतक कनिका गुप्ता के भाई अनुज कुमार ने सबसे पहले लाश को देखा था। अनुज कुमार के मुताबिक शुक्रवार सुबह उसकी बहन हररोज की तरह अपनी मां पूनम से फोन पर बातें कर रही थी। करीब साढ़े 10 बजे उसकी बहन कनिका ने मां से कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और फोन रख दिया। करीब दो घटे बाद दोपहर एक बजे उसकी मां पूनम ने फिर फोन किया तो जो उसने नहीं उठाया। इसके बाद मां ने उसे फोन कर कनिका के घर जाकर देखकर आने की बात कहीं।
     
    मां के फोन के बाद दोपहर करीब 2.30 बजे वह अपने दफ्तर से सीधा बहन से मिलने के लिए उसकी कोठी में पहुंचा। जब वह घर पर आया तो मेन गेट खुलासा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो उसकी बहन कनिका बैड के नीचे गिरी पड़ी थी और उसके गले में चुनरी बंधी हुई थी। जबकि उसका सवा साला का भांजा बैड पर सोया हुआ था। बहन को बार-बार उठाने पर जब उसने कनिका के गले में बंधी चुनरी को खोला तो देखा कि उसके गले पर कट का निशान था और गले मुंह से खून निकल रहा था। उसने तुरंत मामले की जानकारी जीजा अनिल गुप्ता को दी और बहन को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
     
    मृतका के पति के बयान पर अज्ञात पर केस दर्ज 
    सीए अनिल गुप्ता के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब सवा 10 बजे घर से अपने आफिस के लिए निकाला था, जबकि साढ़े 11 बजे उनकी काम वाली घर का काम कर गई थी। 12.30 बजे तक वह ठीक थी, क्योंकि सवा 12 बजे उसके दोस्त राकेश कुमार ने उसे फोन किया था। उसने बताया था कि वह किसी काम के लिए घर आया था और भाभी कनिका ने उसे पानी भी पिलाया है। उसके बाद उसने फोन नहीं किया। करीब 3 बजे के उसके साले अनुज का फोन आया कि कनिका को किसी ने मारने की कोशिश की और वह बेहोश पड़ी है।
     
    पुलिस को दिए बयानों में अनिल गुप्ता ने बताया कि हत्या करने वाले लोगों ने उसके ऊपर वाले कमरे में बने लॉकर से 15 लाख रुपए की कीमत वाला सोना औैर करीब 1 लाख रुपए की नकदी भी ले गए है। उन्होंने हत्या के पीछे किसी भी प्रकार की कोई रंजिश की आशंका नहीं जताई है। 
     
    मामले में कई प्रकार के पहलु पुलिस के सामने आए है, जिनकी बारीकी से जांच चल रही है, जल्द ही मामले को ट्रेस कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। -नवीन सिंगला,एसएसपी बठिंडा।
     
     
     
Back to top button