ऋषिकेश में बरात वधू के द्वार पहुंची तो दूल्हा शराब के नशे में धुत मिला, फिर हुआ कुछ ऐसा…..

 आइडीपीएल से सटी कृष्णा नगर कॉलोनी में एक युवती के विवाह की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई थी। बरात वधू के द्वार पहुंची, तो दूल्हा शराब के नशे में धुत मिला। यहीं नहीं दूल्हे को दो लोगों ने किसी तरह संभाल रखा था। जब वधू व उसके परिजनों को पता चला कि दूल्हे ने अत्यधिक शराब पी है, तो उसने शादी से इंकार कर दिया। उल्टा वर पक्ष के लोगों ने वधू पक्ष के लोगों को विवाह की तैयारी में खर्च 3.50 लाख रुपये देने की सहमति पर हस्ताक्षर करने पड़े।

कृष्णा नगर कॉलोनी में शनिवार को एक युवती का विवाह निश्चित हुआ था। श्यामपुर के एक धर्मशाला में विवाह संस्कार पूर्ण होने थे। वधू के यहां पीली पड़ाव लालढांग हरिद्वार से बरात आयी थी। बरातियों और बैंड बाजे के साथ दूल्हे को गाड़ी पर बैठाने की तैयारी चल रही थी। दूल्हा गाड़ी में बैठ कर बरातियों के साथ धर्मशाला पहुंचा, मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक जब वह गाड़ी से उतरा तो खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। यही नहीं दो लोगों ने उसे किसी तरह खड़ा किया और वधू के भाई ने उसकी हालत देख नींबू पानी पिलाया और उसके इस हाल की जानकारी ली।

इस बात की जानकारी जब दुल्हन और उसके परिवार को हुई तो सभी सकते में पड़ गए। विवाह संस्कार की सभी रस्म वहीं रोक दी गई। वधू पक्ष को पता चला कि लड़का शराबी है यह शादी धोखे में कर रहा है। काफी मंत्रणा के बाद दुल्हन ने  शराबी व्यक्ति से शादी करने से मना कर दिया। वधू पक्ष के इंकार करने दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इस बीच वहां आए मेहमानों ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई।

गुमानीवाला ग्राम पंचायत के सदस्य राजेश ब्यास ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच इस बात पर समझौता हुआ कि लड़की पक्ष के लोगों ने विवाह की तैयारी में अब तक 3.50 लाख रुपये खर्च कर दिए हैं। यह सभी खर्चा दूल्हा और उसके परिवार वाले वधू पक्ष को देंगे। दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता होने के बाद बरात बैरंग वापस लौट गई।

Back to top button