उदयपुर: पति ने कराया वर्जिनिटी टेस्ट, पत्नी ने दी जान

वर्जिनिटी
वर्जिनिटी

एजेंसी/ उदयपुर की ब्लॉगर ने पति और ससुर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली। सूइसाइड नोट के आधार पर उदयपुर पुलिस ने डॉक्टर भारत गाधवी और उनके बेटे डॉ. हिमांशू को गिरफ्तार कर लिया है। उदयपुर पुलिस के अनुसार डॉक्टर भारत मेडिकल ऑफिसर हैं वहीं उनके बेटे डेंटिस्ट हैं। मृतक महिला के पिता ने पति और ससुर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

मृतक कर्निका ब्लॉग लेखिका थीं। दो जून को उन्होंने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। कर्निका की पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। कर्निका के पिता भारतेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि ससुराल में उनकी बेटी को मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी।

सोमवार को उदयपुर पुलिस ने डॉक्टर गाधवी और बेटे को पोरबंदर से उदयपुर लेकर आई। वहीं एक अन्य डॉक्टर भरत लखानी और उनकी गाइनोकॉलजिस्ट पत्नी डॉक्टर कैलाश का बयान भी दर्ज किया। कर्निका के पिता का आरोप है कि बिना उसकी कर्निका की सहमति के पति और ससुर ने कई तरह के टेस्ट कराए थे, जिसकी वजह से वह मानसिक तौर पर परेशान थी।

कर्निका और हिमांशू की शादी इसी साल 25 जनवरी को हुई थी और शादी के बाद दोनों उदयपुर में रह रहे थे। हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बाचतीत में कर्निका के पिता ने बताया, ‘शादी के बाद से हिमांशू का व्यवहार बहुत बदल गया था। वह मेरी बेटी को मानसिक तौर पर बहुत परेशान करने लगा था। मेरी बेटी स्वतंत्र विचारों वाली आत्मनिर्भर लड़की थी।’

कर्निका के पिता ने दामाद हिमांशू पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘उदयपुर में मेरी बेटी एक कंपनी में बतौर ब्लॉग राइटर काम करती थी। वह सभ्य लोगों के संपर्क में थी, लेकिन हिमांशू को उस पर शक करने की आदत थी। वह उसकी हर छोटी से छोटी गतिविधि पर नजर रखता था। अगर वह कहीं बाहर जाती थी तो उस पर शक करता था।

कर्निका के पिता ने यह भी कहा कि पिछले सप्ताह जब दोनों पोरबंदर गए थे, तो बिना कर्निका की सहमति के उसका वर्जिनिटी टेस्ट कराया गया था। कर्निका के पिता के अनुसार, ‘इस घटना से वह बहुत परेशान रहने लगी थी। उसने अपनी मां से यह समस्या शेयर की थी। उसने USA में रह रहे कुछ दोस्तों को भी अपनी परेशानी बताई थी। उसने कहा था कि अब और प्रताड़ना वह नहीं झेल सकती और तलाक के बारे में सोच रही है।’

Back to top button