यूपी में आप लखनऊ घूम सकते हैं। इस शहर को तहजीब का शहर कहा जाता है। लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी है। यहां का कल्चर और खान-पान पर्यटकों के दिल में अपनी खास जगह बना लेता है। नवाबों के इस शहर को देखने के लिए दुनियाभर से पर्यटक आते हैं। किसी जमाने में यह शहर अवध के नवाबों की राजधानी थी। लखनऊ को लजीज खान-पान के लिए भी जाना जाता है। यहां आप बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, ब्रिटिश रेसीडेंसी, चिड़ियाघर, हजरतगंज और बेगम हजरत महल पार्क की सैर कर सकते हैं।
अगर आप यूपी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो बनारस जरूर घूमें। बनारस को भारत की धर्म नगरी कहा जाता है। यहां क्या पर्यटक और क्या श्रद्धालु सभी भक्त के भाव में रम जाते हैं। गंगा किनारे बसा यह शहर अपने आप में सांस्कृतिक विरासत को सझाए हुआ है। वाराणसी घाटों का शहर है। यहां आप काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। आप चाहें तो मणिकर्णिका घाट, मन मंदिर घाट और सारनाथ की सैर पर जा सकते हैं।
प्रयागराज गंगा, युमना और सरस्वती नदी के किनारे बसा धार्मिक शहर है। संगम तट पर बसे इस शहर में इस वक्त हिंदुओं के सबसे बड़े धार्मिक महोत्सव कुंभ का आयोजन हो रहा है। बड़ी तादाद में देश-दुनिया से श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने और मोक्ष की कामना के लिए प्रयागराज आते हैं। यहां आप त्रिवेणी संगम, खुसरो बाग, इलाहाबाद फोर्ट और इलाहाबाद म्यूजियम की सैर कर सकते हैं।