उत्तराखंड निकाय चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच चमोली के पोखरी वार्ड में फिर शुरू हुआ मतदान

उत्तराखंड में निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद आज चमोली नगर पंचायत पोखरी के देवर वार्ड में फिर से मतदान कराया जा रहा है। मतदाता सुबह आठ बजे से ही मतदान स्थल पर पहुंचकर वोटिंग कर रहे हैं। मतदान स्थल पर कड़ी सुरक्षी लगाई गई है। इस वार्ड में 528 वोटर अपने मत का प्रयोग करेंगे। सुबह से अब तक 12 फीसदी मतदान हो चुका है। उत्तराखंड निकाय चुनाव : कड़ी सुरक्षा के बीच चमोली के पोखरी वार्ड में फिर शुरू हुआ मतदान

बता दें कि चमोली जिले की नगर पंचायत पोखरी देवर वार्ड में मतदान समाप्ति के बाद आज ही मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। देवर वार्ड के 400 मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर न होने से सभी मतपत्र अवैध घोषित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया पोलिंग बूथ देवर के पीठासीन अधिकारी के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी कर चुकी हैं। इसके अलावा पोलिंग पार्टी के अन्य कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। नगर पंचायत पोखरी में 3376 मतदाताओं में से 2411 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

कुल सात वार्डों में से छह वार्डों की गिनती पूरी कर ली गई थी। सातवें वार्ड देवर की मतगणना शुरू हुई तो 400 मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर नहीं होने से विवाद खड़ा हो गया। मतदान अभिकर्ताओं ने चुनाव रद्द कर पुनर्मतदान की मांग उठाई थी।
इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी। अनुमति मिल जाने के बाद अब बृहस्पतिवार को यहां दोबारा मतदान कराया जा रहा है। नगर निकाय चुनाव के दौरान काशीपुर के एक वार्ड में भी पुनर्मतदान कराया जा चुका है।

निकाय चुनाव 2018 के नतीजे 

मेयर और अध्यक्ष पद के नतीजे 
कुल पद      84 
नतीजे         83* 
भाजपा        34
कांग्रेस         25
निर्दलीय       23
बसपा           1

* नगर पंचायत पोखरी में मतदान और नतीजे आज 

वार्ड पार्षदों के नतीजे
कुल पद      1064
नतीजे         1063
निर्दलीय        551
भाजपा         323 
कांग्रेस          181
बसपा              4
आप                2
उक्रांद              1
सपा                1

Back to top button