आशीर्वाद यात्रा के तहत CM मनोहर लाल ने आज यात्रा का शुभारंभ यमुनानगर के रादौर से किया…

आशीर्वाद यात्रा के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यात्रा का शुभारंभ यमुनानगर के रादौर से किया। यहां से वह कुरुक्षेत्र के लाडवा व शाहाबाद मारकंडा होते हुए मुलाना पहुंचे। आज सीएम की यात्रा अंबाला शहर जाकर खत्म होगी। यह यात्रा लगभग 123 किलोमीटर की है। यात्रा के दौरान सीएम रथ से ही आमजन से रू-ब-रू हुए और कई स्थानों पर जनसभा संबोधित कर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मनोहर की आशीर्वाद यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा जहां-जहां पहुंची वहां स्थानीय नेताओं को रथ पर चढ़ने का मौका दिया गया। मनोहर लाल ने कहा पांच साल में जो घोषणाएं की है, उससे ज्यादा किया है। परंतु अभी बहुत कुछ करना बाकी है। हमने जो पांच साल में किया, उसका प्रसाद जनता ने हमें नगर निगम चुनाव, जींद उपचुनाव एवं लोकसभा चुनाव में दिया है।

बता दें, सीएम ने रविवार को कालका से यात्रा का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि विपक्ष के ऐम और गेम में राजसत्ता सुख भोगना, मेरा परिवार कैसे साधन संपन्न हो, उसके लिए चाहे घोटाला करना पड़े, दलाली करनी पड़े, कोई भी तरीका अपना लेते हैं। हमारा भी ऐम अपने परिवार को सुखी करना है, परंतु यह परिवार प्रदेश की ढाई करोड़ जनता है। हम उनके विकास के लिए काम करेंगे।

सीएम ने कहा है कि चूंकि हर पांच साल बाद सरकार का लाइसेंस रिन्यू करवाना पड़ता है, इसलिए फिर से हम जनता के पास जाकर अपना लाइसेंस रिन्यू करने की अपील करेंगे। लोगों के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। साथ ही आने वाले पांच साल की योजनाओं का लेखा-जोखा भी रखेंगे। मनोहर लाल ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

आशीर्वाद यात्रा के जरिये मनोहर लाल राज्य के सभी 90 हलकों में रथ यात्रा के जरिए दस्तक देंगे और अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के साथ ही अगले पांच साल का विजन लोगों को समझाएंगे। भाजपा ने इस बार 75 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसे हासिल करने को मुख्यमंत्री रथ यात्रा के जरिये पूरे प्रदेश में दस्तक दे रहे हैं।

Back to top button