अहमद पटेल से मिले कुशवाहा, महागठबंधन में जाने का कर सकते ऐलान

पटना: रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा अभी बिहार की राजनीति में हॉटकेक बने हुए हैं। एनडीए छोड़ने के बाद पहली बार वे बिहार दौरे पर पहुंचे हैं। इसके पहले उपेंद्र कुशवाहा दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेता अहमद पटेल से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार उपेंद्र कुशवाहा रविवार को रालोसपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। कहा जा रहा है कि बैठक में महागठबंधन में जाने का फैसला ले सकते हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार को उपेंद्र कुशवाहा पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उनका समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। समर्थकोें में पार्टी के कई बड़े नेताओं के साथ उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी भी मौजूद रहीं। समर्थक काफी उत्साहित थे। वे उपेंद्र कुशवाहा के जयकारे के नारे लगा रहे थे। इतना ही नहीं, समर्थक ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचे थे।

बताया जाता है कि रविवार की दोपहर सवा एक बजे के आसपास उनकी फ्लाइट पटना एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद पत्रकारों से चलते-चलते संक्षिप्त बातें की. इसके बाद पार्टी कार्यालय के लिए निकल पड़े। पार्टी कार्यालय में उनकी बैठक है। बैठक में बिहार की ताजा राजनीतिक रणनीति पर विमर्श होगा. इसमें महागठबंधन में जाने पर भी निर्णय होने की उम्मीद है। सूत्रों की मानें तो बैठक के बाद रालोसपा प्रमुख कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

बता दें​ कि उपेंद्र कुशवाहा शनिवार की देर शाम दिल्ली में कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल से मुलाकात हुई। दिल्ली के लोधी रोड स्थित उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर अहमद पटेल पहुंचे और बंद कमरे में उनसे लगभग आधा घंटे तक बात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान बिहार की राजनीति पर चर्चा हुई। मौके पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे।

Back to top button