अतिवृष्टि व बाढ़ से किसानों की फसलें चौपट, मुआवजा दे सरकार : अजय कुमार लल्लू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिलों में बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। किसानों की फसलें डूब गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि अतिवृष्टि और बाढ़ से अपार जन धन की हानि हुई है। लल्लू ने प्रदेश सरकार से किसानों को तत्काल मुआवजा देने और बाढ़ को आपदा घोषित करने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि बहराइच से लेकर बलिया तक स्थिति बहुत भयानक है। जगह जगह तटबन्धों की दशा बहुत ही दयनीय हालत में है। भिखारीपुर सकरौर तटबंध गोंडा के तरबगंज में टूट चुका है। एल्गिन चरसड़ी बांध की हालत हर साल नाजुक हो जाती है। उन्होंने कहा कि भिखारीपुर बांध इससे पहले 2018 में भी टूट चुका था, जबकि इसी साल इसकी मरम्मत के लिए 70 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।

अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश में घाघरा, सरयू, राप्ती, कुआनो, शारदा जैसी कई नदियों ने तबाही मचा रखी है। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आज़मगढ़ समेत कई जिलों में गन्ना और धान की फसल डूब गई है। अतिवृष्टि और बाढ़ से अपार जन धन की हानि हुई है। सरकार को तत्काल प्रभाव से पीड़ित जनता की मदद करनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के किसान लगातार कई सालों से प्राकृतिक आपदा और किसान विरोधी सरकारी नीतियों के शिकार हो रहे हैं। उनके जेब में फूटी कौड़ी तक नहीं है। सरकार तत्काल प्रभाव बाढ़ को आपदा घोषित करे और जन-धन की हुई हानि का मुआवजा घोषित करे।

Back to top button