अगर जा रहे हैं न्‍यूयॉर्क, जो न जाना भूलें इन जगहों में

 खास है न्‍यूयॉर्क 

अमेरिका के बड़े और चर्चित शहरों में से एक है न्‍यूयॉर्क।  यह शहर अपने ही नाम के न्यूयार्क राज्य में है, जो अमेरिका के उत्तरपूर्वी भाग में स्थित है। न्यूयार्क सिटी अमेरिका का सर्वाधिक जनसंख्या वाला शहर है। यह दुनिया भर के प्रमुख महानगरों में शामिल है और विश्व के व्यापार, वाणिज्य, संस्कृति, फैशन और मनोरंजन पर इस नगर का गहरा प्रभाव है। यहां संयुक्त राष्ट्र का मुख्यालय स्थित है इसीलिए यह अंतरराष्ट्रीय मामलों का भी एक प्रमुख केन्द्र है। 

अगर जा रहे हैं न्‍यूयॉर्क, जो न जाना भूलें इन जगहों में

स्टैचू ऑफ लिबर्टी

अगर आप न्‍यूयॉर्क की सैर के लिए जायें तो स्‍वतंत्रता की प्रतिमा यानि स्टैचू ऑफ लिबर्टी जरूर देखें। ये न्यूयॉर्क हार्बर में स्थित एक विशाल मूर्ति है। तांबे की यह मूर्ति अपने आप में 151 फुट लंबी है, अगर इसमें इसका स्‍टैंड जिस पर ये खड़ी है और आधारशिला की ऊंचाई को जोड़ दिया जाये तो ये कुल मिला कर 305 फुट ऊंची हो जाती है। यानि करीब 22 मंज़िल की इस मूर्ति के ताज तक पहुंचने के लिये 354 घुमावदार सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। अमेरिकन क्रांति के दौरान फ्रान्स और अमेरिका की दोस्ती के प्रतीक के तौर पर फ्रान्स ने 1886 में इसे अमेरिका को भेंट किया था। 

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय

संयुक्त राष्ट्र एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय कानून को सुविधाजनक बनाने में सहयोग करना, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा का ध्‍यान रखना, आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, मानव अधिकार और विश्व शांति के लिए कार्य करना है। इसकी स्थापना 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र अधिकारपत्र पर 50 देशों के हस्ताक्षर होने के साथ हुई थी। इसी संयुक्त राष्ट्र का मुख्यालय अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में करीब 85 लाख डॉलर में खरीदी गई भूमि पर स्थापित किया गया था। इस बिल्‍डिंग को अंतरराष्ट्रीय आर्कीटेक्‍ट के समूह ने डिजाइन और र्निमित किया था। 

टाइम्स स्क्वायर

न्‍यूयॉर्क शहर के मिडटाउन मेनहंट्टन इलाके में ब्रॉडवे और सेवेंथ एवेन्‍यु के जंक्‍शन पर बना है। ये दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्‍थलों में से एक होने के साथ इंटरटेनमेंट और व्‍यवसायिक गतिविधियों का भी एक महत्‍वपूर्ण केंद्र है। यहां पर दुनियाभर से आये विभिन्‍न क्षेत्रों के लोग अपनी गतिविधियां करते रहते हैं। यही कारण है कि इस स्‍थान को क्रॉस रोडस ऑफ द वर्ल्‍ड भी कहते हैं। 

चाइना टाउन 

न्‍यूयॉर्क में कुछ डिफरेंट फील करना हो तो यहां के चाइना टाउन मार्केट में जरूर जायें। यहां आकर आप भूल जायेंगे कि आप अमेरिका में हैं या चीन में। यहां एक मजेदार गुफा भी है जिसे डायर स्ट्रीट कहते हैं और इसमें ढेर सारी दुकाने हैं। चाइना टाउन में एक विशाल बुद्ध की मूर्ति और म्‍यूजियम भी है। 

बेथेस्डा टेरेस और फाउंटेन

न्‍यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में है खूबसूरत बेथेस्डा टेरेस और फाउंटेन। इसमें फाउंटेन इस टैरेस के बीच में बना है। बेथेस्डा टेरेस के दो स्तर हैं, जो दो ग्रैंड सीढ़ियों द्वारा जुड़े हैं। दोनों स्‍तरों पर छतदार दो फाउंटेन हैं। ये छतें खूबसूरत ऑलिव रंग के नक्‍काशीदार पत्‍थरों से बनी हैं जहां तक पहुंचने के लिए ग्रेनादट की सीढ़ियां हैं। 

Back to top button