सीएमएस टीम ने जीती IIT गुवाहाटी में टेक्नो-ओलम्पिक्स जनरल चैम्पियनशिप ट्राफी

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की 9-सदस्यीय छात्र टीम ने इण्डियन इन्स्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलाॅजी (आई.आई.टी.), गुवाहाटी, असम में आयोजित विज्ञान प्रतियोगिता ‘टेक्नीक’ के अन्तर्गत ‘टेक्नो-ओलम्पिक्स जनरल चैम्पियनशिप ट्राफी’ अर्जित कर विद्यालय का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. की छात्र टीम ही इस प्रतियोगिता में एकमात्र स्कूल स्तरीय टीम थी जिन्होंने देश भर के प्रख्यात विश्वविद्यालयों व कालजों की 107 प्रतिभागी टीमों के बीच यह खिताब अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके साथ ही, इस छात्र टीम ने एनीमेशन वर्कशाप प्रतियोगिता में भी द्वितीय पुरस्कार अर्जित किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि आई.आई.टी., गुवाहाटी के तत्वावधान में आयोजित इस अखिल भारतीय विज्ञान प्रतियोगिता में सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के छात्रों अमन कुमार सिंह, यजत पाठक, अब्दुल जवाद खान, ललित कृष्ण यादव, विवान गुप्ता, रूद्रांश गोयल, अमीश अहमद बेग, प्रखर एवं यश ने अपने शिक्षक श्री अथर कुरेशी के नेतृत्व में प्रतिभाग किया।

श्री शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इसी अखिल भारतीय विज्ञान प्रतियोगिता के अन्तर्गत सी.एम.एस. छात्र टीम के पाँच छात्रों अमन कुमार सिंह, अब्दुल जवाद खान, अमीश अहमद बेग, प्रखर एवं यश ने ‘आर्टिफिशियल इन्टेलीजेन्स प्रतियोगिता’ में प्रथम पुरस्कार अर्जित किया है तथापि इन छात्रों की अद्वितीय वैज्ञानिक प्रतिभा को देखते हुए उन्हें आई.आई.टी. रूड़की द्वारा वर्ष 2020 में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता हेतु आमन्त्रित किया गया है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. अपने छात्रों का दृष्टिकोण वैज्ञानिक एवं विश्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों एवं शैक्षिक यात्राओं में प्रतिभाग हेतु प्रोत्साहित करता है। इसके अलावा, सी.एम.एस. स्वयं भी प्रतिवर्ष विभिन्न विषयों पर 29 अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है जिसके माध्यम से सी.एम.एस. छात्रों को अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। सी.एम.एस. के इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप विद्यालय के छात्र विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा की छाप छोड़कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।

 

Back to top button