राजधानी लखनऊ में 12 हजार से ज्यादा लोगों को लगेगी Covid Vaccine, 14 कोल्डचेन प्वाइंट से जाएगी वैक्सीन

कोरोना टीकाकरण की अब रफ्तार बढ़ेगी। प्रथम चरण के हेल्थ वर्कर के साथ-साथ दूसरे चरण का अभियान भी शुरू होगा। इसमें फ्रंटलाइन वर्कर को भी वायरस से सुरक्षा की डोज मिलेगी। पहले दिन 12 हजार से ज्यादा लोगों को डोज दी जाएगी।

डिस्ट्रिक्ट इम्युनाइजेशन ऑफीसर डॉ. एमके सिंह के मुताबिक चार व पांच फरवरी को टीकाकरण होगा। इसमें चार फरवरी को सिर्फ हेल्थ वर्कर को वैक्सीन लगेगी। इस दिन 35 अस्पतालों में 99 बूथ बनाए जाएंगे। इस दौरान 12,375 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं पांच फरवरी को 14 अस्पताल के 55 बूथ पर हेल्थ वर्कर को टीका लगेगा। यहां 6,875 हेल्थ वर्कर को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं सात अस्पतालों के 21 बूथ पर फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन लगाई जाएगी। इनकी संख्या 2,625 रहेगी। ऐसे में दो दिनों में कुल 21 हजार 875 कर्मियों को टीका लगेगा।

सीआरपीएफ के लिए आठ बूथ

फ्रंटलाइन वर्कर के 21 बूथों बनेंगे। इसमें सबसे अधिक सीआरपीएफ के लिए बिजनौर में बनेंगे। इसके अलावा कलक्ट्रेट में दो बूथ व चंदरनगर सीएचसी पर दो बूथ पुलिसकर्मियों व 32वीं वाहनी पीएसी के वैक्सीनेशन के लिए भी बूथ बनेंगे।

14 कोल्डचेन प्वाइंट से जाएगी वैक्सीन

ऐशबाग जनपदीय मुख्य वैक्सीन स्टोरेज सेंटर से बुधवार को वैक्सीन कोल्ड चेन प्वाइंट पर वैक्सीन भेज दी गई। सुरक्षा घेरे में दोपहर 12 बजे वैक्सीन वाहन रवाना किया गया। सुबह 14 कोल्डचेन प्वाइंट से अस्पतालों में वैक्सीन भेजी जाएगी।

31 मरीजों में मिला कोराना

शहर में वायरस का प्रकोप घटा है। मगर,उसकी चेन ब्रेक नहीं हो पा रही है। फरवरी में पहले दिन 32 मरीज पाए गए। वहीं अगले दिन 24 घंटे में 19 मरीजों में वायरस मिला। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने राहत की सांस ली। वहीं गुरुवार को 31 फिर मरीज पाए गए। वायरस की चेन ब्रेक न होना चिंता बढ़ा रहा है। हेल्थ टीम ने 6745 लोगों के सैंपल संग्रह किए।

Back to top button