बेखौफ अपराधियों ने सो रहे बाढ़ पीड़ितों पर तलवार से किया हमला, एक की मौत, आठ लोग घायल

नयारामनगर थाना क्षेत्र के जंगली काली मंदिर परिसर में रह रहे तौफिर गांव के बाढ़ पीड़ितों पर शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में आठ लोग जख्मी हो गए। जिसमें एक की मौत हो गई। जबकि, सात का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इधर, घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर बाढ़ पीड़ितों ने एक नंबर किला गेट को जाम कर दिया। बाद में एसडीओ खगेश चंद्र झा और एएसपी हरिशंकर कुमार के आश्वासन पर सड़क जाम समाप्त हुआ।

गंगा में आई बाढ़ के कारण तौफिर गांव के लोगों को विस्थापित होना पड़ा। तौफिर गांव के कई ग्रामीण नयारामनगर थाना क्षेत्र के जंगली काली मंदिर परिसर में शरण लिए हुए थे। बाढ़ पीड़ितों ने अपने मवेशी के लिए पास के गांव के ग्रामीणों से खेतों में लगा चारा खरीदा था।

बाढ़ पीड़ितों का दावा है कि उन्होंने चारा के पैसे का भुगतान कर दिया था। लेकिन, ग्रामीण और पैसे की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो दिन पूर्व भी बाढ़ पीड़ित और ग्रामीणों के बीच विवाद हुआ था।

शुक्रवार की रात दो से तीन बजे के बीच अचानक से तलवार, कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से लैश आधे दर्जन से अधिक लोग पहुंचे और सो रहे बाढ़ पीड़ितों पर हमला कर दिया। अपराधियों ने आठ बाढ़ पीड़ितों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि अपराधियों के सर पर खून सवार था। जो सामने आ रहा था, उसी पर अपराधी ताबड़तोड़ हमला कर रहा था। अचानक हुए हमला के बाद बाढ़ पीड़ित भागने लगे। इस दौरान अपराधियों ने भाग रहे लोगों को दौड़ा दौड़ा कर मारा। जख्मी बाढ़ पीड़ितों ने भाग कर जान बचाई और स्वयं ही सदर अस्पताल पहुंचे।

शुक्रवार की सुबह नौ बजे बाढ़ पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर  किला के पूर्वी गेट के समीप सड़क जाम कर दिया।

मृतक 

बीडीओ यादव (30 वर्ष)

ये हुए हैं जख्मी 

झकसू यादव (30 वर्ष)

विनय यादव (35 वर्ष)

अंशू यादव (20 वर्ष)

गांधी कुमार (12 वर्ष)

पप्पू यादव (40 वर्ष)

भगवान यादव (60 वर्ष)

इनो यादव (40 वर्ष)

एसपी ने कहा-

नायारामनगर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के समीप रह रहे बाढ़ पीड़ितों पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला किया है। इस हमला में आठ लोग जख्मी हुए हैं। जिसमें एक की मौत हो गई। एक अन्य जख्मी को हेड इंज्यूरी है। शेष छह जख्मी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जख्मी के बयान पर नयारामनगर थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button