बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा ने फर्रुखाबाद संकिसा स्थित होटल रॉयल रेजीडेंसी में बुधवार को अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे अपराजिता अभियान की सराहना की।
साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाअों के लिए अपराजिता अभियान एक सराहनीय पहल है। यहां दलाई लामा ने अपराजिता का पोस्टर भी लॉच किया। उन्होंने कहा कि महिलाअों के लिए इस तरह के और अभियान चलाने की जरूरत है।
बताते चलें कि बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा इन दिनों यूपी के फर्रूखाबाद जिले में हैं। प्रवचन के दौरान उन्होंने यहां समाजिक, राजनैतिक व अन्य विषयों पर चर्चा की। दलाई लामा ने कहा भारत में सभी धर्मों को सम्मान मिलता है। पर अन्य देशों में ऐसा नहीं है। कश्मीर और तिब्बत की समस्या में अंतर है।
तिब्बत एक देश है। कश्मीर एक राज्य है। भारत के लिए पाकिस्तान सबसे बड़ी समस्या है। पर न भारत, पाकिस्तान को खत्म कर सकता है और न ही पाकिस्तान, भारत को। भारत नदियों का देश है। यह पड़ोसियों को पानी देता है।
दलाई लामा ने कहा कि उनके जीवन का बहुत बड़ा हिस्सा भारत में बीता है। मैं शारीरिक रूप से भारतीय नहीं हूं। पर मेरा दिमाग भारतीय है। मैं भारतीय सभ्यता व संस्कृति को अच्छी तरह से जानता और समझता हूं।
भारतीयों को अपनी सभ्यता और शिक्षा को भूलना नहीं चाहिए। आधुनिक शिक्षा को भारत में अंग्रेज लाए। भारत में विभिन्न भाषाएं व विभिन्न धर्म हैं पर यहां सभी धर्मों को सम्मान मिलता है। अन्य देशों में ऐसा नहीं है।