झारखंड में राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्‍नपूर्णा ने थामा भाजपा का दामन

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले झारखंड में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रदेश अध्‍यक्ष अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो गई हैं। नई दिल्‍ली में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में अन्‍नपूर्णा बीजेपी की सदस्‍यता ग्रहण करेंगी। भाजपा की सदस्‍यता लेने के लिए अन्‍नपूर्णा सोमवार को सुबह 7.30 बजे ही दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं।झारखंड में राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्‍नपूर्णा ने थामा भाजपा का दामन

अन्नपूर्णा राजद से निष्कासित, गौतम सागर राणा बने राजद के झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष
इस बीच, राजद ने पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के आदेश पर अन्नपूर्णा देवी को राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया है। गौतम सागर राणा को पार्टी ने झारखंड का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

झारखंड में राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा है कि अन्नपूर्णा देवी के जाने से राजद पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक, कई महीने से अन्नपूर्णा देवी भाजपा के संपर्क में थीं। पार्टी छोड़ने के लिए अन्नपूर्णा चतरा सीट का बहाना कर रही थीं। पूरा झारखंड राजद एकजुट है।

झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भी दिल्ली जा रहे हैं। अन्नपूर्णा देवी के भाजपा के पाले में आने से राजद को तगड़ा झटका लगा है। झारखंड में अब राजद का अस्तित्‍व खतरे में आ गया है। बताया जा रहा है कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में झारखंड की बची हुई तीन सीटों के लिए प्रत्यशियों की घोषणा भी की जाएगी।

झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल का अस्तित्व खतरे में आ गया है। राजद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के पिछले एक सप्ताह से भाजपा में शामिल होने की अटकलों को रविवार को अंतत: मुकाम मिल ही गया। रविवार को अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम रघुवर दास से मुलाकात की, उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जर्नादन पासवान और मनोज भुइंया भी थे।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थित में हुई शीर्ष नेताओं की वार्ता में तकरीबन यह तय हो गया है कि अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो रही हैं। उनके भाजपा में शामिल होने की महज औपचारिकता ही शेष है। अब उनके सोमवार को दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद वह भाजपा के टिकट पर चतरा या कोडरमा से चुनाव लड़ेंगी।

हालांकि, अन्नपूर्णा देवी या भाजपा के किसी भी शीर्ष नेता के स्तर से उनके भाजपा में जाने की पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन मुख्यमंत्री रघुवर दास और भूपेंद्र यादव से उनकी मुलाकात यह बयां कर रही है कि वे राजद का दामन छोड़ रही हैं। भूपेंद्र यादव के झारखंड आने की वजह भी अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात को ही बताया जा रहा है। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर उनके झारखंड दौरे को पार्टी की विजय संकल्प सभा से जुड़ा बताया गया है।

भाजपा सोमवार को रांची के साथ-साथ कोडरमा और चतरा संसदीय सीट से प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। भाजपा की इस सूची में अन्नपूर्णा देवी का नाम शामिल होना तय बताया जा रहा है। इस घोषणा से पूर्व अन्नपूर्णा के भाजपा में शामिल होने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

अटकलों को बताते रहे फर्जी
राजद की प्रदेश की शीर्ष नेता अन्नपूर्णा देवी समेत पार्टी के तमाम नेता भाजपा में शामिल होने की बात से इन्कार करते रहे हैं। अन्नपूर्णा ने पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस कर यह स्पष्ट भी किया था कि उनके भाजपा में शामिल होने की बात झूठी हैं। रविवार को भी राजद के प्रधान महासचिव संजय सिंह यादव ने भी इन अटकलों को फर्जी करार दिया था। हालांकि शाम होते-होते स्थिति इसके उलट देखी गई।

चतरा-कोडरमा पर संस्‍पेस बरकरार
पल-पल बदलती स्थिति के बीच राजद के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत राजद के कई बड़े नेताओं का भाजपा में शामिल होने के मामला अशुभ तिथि (चौठ) को लेकर रविवार को टल गया है। वैसे सोमवार तक कुछ भी उलटफेर संभव है। मालूम हो कि सनातन धर्म में ज्‍योतिष की प्राथमिकता को देखते हुए लोग अशुभ घड़ी में शुभ कार्य करने से बचते हैं। ऐसे में चैत्र मास की चतुर्थी तिथि होने के कारण संभव है कि अन्‍नपूर्णा देवी लग्‍न-मूहूर्त की गणित-गणना बिठाते हुए चौठ के दिन भाजपा का दामन थामने से परहेज करें।

रविवार की सुबह कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी के कई करीबी समर्थक राजधानी रांची के लिए निकल गए हैं। इस बीच राजद के प्रधान महासचिव संजय यादव ने राजद नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में संगठन एकजुट है। कहीं कोई टूट की बात नहीं है।मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि राजद पलामू और चतरा दोनों सीटों पर प्रत्याशी देगा। इसकी जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दे दी गई है।

माना जा रहा है कि अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में एंट्री के वक्त यह खास समर्थक मौजूद रहेंगे। लेकिन आज चौठ को लेकर लोगों का इरादा मामले को 1 दिन के लिए टालने का है। दूसरी तरफ अन्नपूर्णा देवी के पार्टी में एंट्री की खबरों से जिला भाजपा में भी जबरदस्त खलबली है। वर्तमान सांसद रविंद्र राय के समर्थन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी बात रखने कोडरमा गिरिडीह जिले से भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रांची पहुंच रहे हैं।

इधर अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा से क्षेत्र का राजनीतिक पारा भी उफान पर पहुंच गया है। विभिन्न सोशल मीडिया में इस बात को लेकर काफी तकरार भी चल रही है। यहां तक की राजद के नेता व कार्यकर्ता भी अन्नपूर्णा देवी के निर्णय को लेकर पशोपेश में है।

Back to top button