औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के नेतृत्व में सीएमएस छात्रों ने की चरित्र निर्माण की अपील

छात्रों ने निकाला ‘चरित्र निर्माण मार्च’, सम्मानित हुए सीएमएस के मेधावी

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के हजारों छात्रों ने आज विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’ निकालकर चरित्र निर्माण की पुरजोर आवाज बुलन्द की और यह संदेश दिया कि चारित्रिक व नैतिक उत्थान के बगैर आदर्श समाज की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती है। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने झंडी दिखाकर ‘चरित्र निर्माण मार्च’ का शुभारम्भ किया एवं सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी के साथ इस विशाल मार्च को नेतृत्व किया। सी.एम.एस. छात्रों का यह विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’ आज प्रातः गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी से प्रारम्भ हुआ एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम पहुँचकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गया। इस विशाल मार्च के माध्यम से सी.एम.एस. छात्रों ने भावी पीढ़ी के चारित्रिक व नैतिक विकास हेतु सम्पूर्ण समाज में ईश्वरीय वातावरण निर्मित करने का भरपूर उत्साह जगाया। इस विशाल मार्च में सी.एम.एस. निदेशिका डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सी.एम.एस. के डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी रोशन गाँधी एवं सी.एम.एस. के सभी कैम्पस की प्रधानाचार्याओं के साथ ही विभिन्न गणमान्य हस्तियों ने शामिल होकर भावी पीढ़ी में चारित्रिक उत्कृष्टता का अलख जगाया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सतीश महाना, औद्योगिक विकास मंत्री, उ.प्र. ने कहा कि मुझे अत्यन्त प्रसन्नता है कि सी.एम.एस. अपने छात्रों के चरित्र निर्माण व सर्वांगीण विकास को तत्पर है और उनकी प्रतिभा व मेधा को निखारकर समाज के सामने ला रहा है। मैं सी.एम.एस. के शिक्षकों को धन्यवाद देना चाहता हूँ जिनकी मेहनत व लगन की बदौलत विद्यालय के छात्र प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इससे पहले, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने मुख्य अतिथि महाना का हार्दिक स्वागत-अभिनन्दन किया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए डा. गाँधी ने कहा कि सी.एम.एस. छात्रों को भौतिक, सामाजिक व नैतिक तीनों प्रकार की शिक्षा प्रदान कर उन्हें विश्व नागरिक बनाने के कार्य में संलग्न हैं व समाज को बेहतर बनाने के एक विद्यालय के दायित्व को निभा रहा है।

‘चरित्र निर्माण मार्च’ के उपरान्त सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ बड़ी भव्यता से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आई.एस.सी. (कक्षा-12) की प्रथम इण्टर-कैम्पस कम्परेटिव परीक्षा में 91.21 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप करने वाले सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के छात्र प्रांजल श्रीवास्तव को विशेष रूप से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, इस वर्ष की आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में 98.80 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में टॉप करने वाली सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की छात्रा श्रेया भगत को सम्मानित किया गया। इन दोनों छात्रों की माताजी को फलों व फूलों से तौलकर जबकि पिताजी व टीचर गार्जियन को शाल ओढ़ाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, इण्टर-कैम्पस कम्परेटिव परीक्षा की टॉप टेन मेरिट लिस्ट में स्थान अर्जित करने वाले छात्रों, सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस के टॉपर छात्रों एवं आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।

इससे पहले, सम्मान समारोह का शुभारम्भ गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्कूल प्रार्थना एवं वन्दे मातरम से हुआ जबकि सी.एम.एस. आनन्द नगर कैम्पस के छात्रों ने प्रार्थना नृत्य की मनभावन छटा प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों के विशेष मार्गदर्शन हेतु इस अवसर पर ‘कैरियर काउन्सिलिंग सेशन’ का आयोजन किया गया, जिसमें सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, आई.आई.टी. कानपुर के प्रोफेसर डा. धीरज संघी, मान्या एब्राड के डायरेक्टर गौरव चिकर, इन्स्टीट्यूट ऑफ यूरोपियन लैंग्वेजेज के नदीम खान आदि ने सारगर्भित संबोधन से छात्रों का मार्गदशन किया। छात्रों को सम्बोधित करते हुए सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने छात्रों की शैक्षिक उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि आपने जीवन का जो भी लक्ष्य बनाया है, उसमें सर्वोत्कृष्ट बनने का प्रयास करें। समारोह के अन्त में सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सी.एम.एस. समाज को बेहतर बनाने के एक विद्यालय के दायित्व को निभा रहा है और ये मेधावी छात्र अवश्य ही एक बेहतर समाज के निर्माण का कार्य बखूबी करेंगे।

Back to top button