उद्देश्यपूर्ण शिक्षा से ही समाज में आयेगा रचनात्मक बदलाव -डा. सत्यपाल सिंह

सीएमएस शिक्षकों ने निकाला ‘क्लासरूम चलो, क्लासरूम चलो’ मार्च

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3000 से अधिक शिक्षकों व कार्यकर्ताओं ने आज सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ ‘विद्या का पर्व’ समारोह मनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे भारत सरकार के मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह एवं विशिष्ट अतिथि प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने अपनी उपस्थिति समारोह का गौरव प्रदान किया। इससे पहले, मुख्य अतिथि डा. सत्यपाल सिंह ने सी.एम.एस. शिक्षकों के ‘क्लासरूम चलो, क्लासरूम चलो’ मार्च की अगुवाई कर शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सी.एम.एस. शिक्षकों के ‘क्लासरूम चलो’ मार्च की सराहना करते हुए डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि उद्देश्यपूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही समाज में रचनात्मक बदलाव लाया जा सकता है। डा. जगदीश गाँधी जिस प्रकार शिक्षा में साँस्कृतिक मूल्यों, नैतिकता और मानवता के समावेश का प्रयास कर रहे हैं, वह वास्तव में अनुकरणीय है।

इस भव्य समारोह में आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षा में देश भर में टॉप करने वाले विद्यालय के तीन मेधावी छात्रों साक्षी प्रद्युम्न, राधिका चन्द्रा एवं समन वहीद (तीनों 99.50 प्रतिशत) एवं आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली मेधावी छात्रा श्रेया भगत (98.80 प्रतिशत) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षा की नेशनल मेरिट लिस्ट में द्वितीय व तृतीय स्थानों पर चयनित होकर कीर्तिमान स्थापित करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीट एवं एम्स प्रतियोगी परीक्षा के सिटी टॉपर एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के छात्र अर्जुन सारस्वत, आई.आई.टी.-जे.ई.ई. परीक्षा के सिटी टॉपर एवं सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के छात्र उत्कर्ष गुप्ता, आई.ए.एस. में चयनित सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्र स्वप्निल यादव एवं सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की छात्रा डा. अवलोकिता अशोक, पी.सी.एस. (जे) में चयनित पूर्व छात्राएं स्वरांगी शुक्ला, सोनाक्षी वर्मा, अम्बिका मेहरोत्रा, आकांक्षा बाजपेयी एवं शालीन मिश्रा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, आई.आई.टी., एम्स, यूपीएसईई एवं क्लैट आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने वाले मेधावी छात्रों को भी पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया।

छात्रों का सर्वांगीण विकास कर रहा सीएमएस -डा. दिनेश शर्मा

सी.एम.एस. शिक्षकों के ‘क्लासरूम चलो’ मार्च के उपरान्त सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में आज बड़े धूमधाम व हर्षोल्लास से ‘विद्या का पर्व’ समारोह मनाया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डा. दिनेश शर्मा, उप-मुख्यमंत्री, उ.प्र., ने शिक्षा के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी छात्रों, उनके माता-पिता एवं टीचर-गार्जियन को सार्वजनिक रूप से पुरष्कृत कर सम्मानित किया। सी.एम.एस. का नाम गौरवान्वित करने वाली विद्यालय की पूर्व छात्राओं सुश्री रिचा सिंह चित्रांशी, इण्डिया हेड, गूगल इण्टरनेशनलाईजेशन एवं सुश्री तान्या चैतन्य, संपादिका, फेमिना को सम्मानित किया जाना समारोह का विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर अपने संबोधन में उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि सी.एम.एस. छात्रों का सर्वांगीण विकास कर रहा है। यह विद्यालय भौतिक, नैतिक व आध्यात्मिक तीनों प्रकार की शिक्षा प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की शिक्षिकाओं द्वारा ‘स्कूल प्रार्थना’, सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की शिक्षिकओं द्वारा ‘वसुधैव कुटुम्बकम प्रोसेशन’ एवं सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस की शिशिकाओं द्वारा ‘वन्दे मातरम्’ की शानदार प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण ऑडिटोरियम को आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित कर दिया। वर्ल्ड पार्लियामेन्ट, सर्व-धर्म प्रार्थना एवं ‘यूनिटी इन डायवर्सिटी’ पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया तो वहीं दूसरी ओर कव्वाली एवं संकल्प गीत आदि कार्यक्रमों ने भी खूब तालियां बटोरी। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सभी गणमान्य हस्तियों, शिक्षकों व छात्रों का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया जबकि सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अन्त में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि आज क्वालिटी एजुकेशन नितान्त आवश्यक है, साथ ही पर्यावरण आदि विभिन्न मुद्दों पर भी भावी पीढ़ी को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने आई.एस.सी. एवं आई.सी.एस.ई. परीक्षाओं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी।

 

Back to top button